प्रदर्शन में निरंतरता लाए कैरेबियाई टीम : एंब्रोस

लंदन, 23 मई (आईएएनएस)। कभी दुनिया की सबसे मजबूत माने जाने वाली वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज कर्टली एंब्रोस का मानना है कि उनकी टीम को शिखर पर पहुंचने का प्रयास करने से पहले शीर्ष तीन में स्थान पक्का करने की कोशिश करनी चाहिए।

समाचार एजेंसी सीएमसी के अनुसार 51 वर्षीय एंब्रोस ने शुक्रवार को कहा कि वेस्टइंडीज पिछले कुछ समय से लगातार आठवें पायदान पर बना हुआ है। ऐसे में टीम को अंतर्राष्ट्रीय रैंकिंग में सुधार के लिए लगातार प्रयास करना होगा।

वेस्टइंडीज के गेंदबाजी कोच एंब्रोस के अनुसार, “70 से 90 के दशक तक के कैरेबियाई क्रिकेट को दोबारा जिंदा करना बहुत मुश्किल है। हमारा प्रयास अभी लगातार जीत के क्रम को जारी रखना है, ताकि हम आईसीसी रैकिंग में और ऊपर जा सकें। हमारी कोशिश पहले शीर्ष तीन में स्थान बनाने की है। अगर हम ऐसा करने में कामयाब हुए तो फिर शीर्ष पर पहुंचने के बारे में सोच सकते हैं।”

उल्लेखनीय है कि इसी महीने की शुरुआत में वेस्टइंडीज टीम ने इंग्लैंड को तीसरे टेस्ट में हराकर स्तब्ध कर दिया था। इस जीत के साथ कैरेबियाई टीम तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला को भी 1-1 से बराबरी पर खत्म कराने में कामयाब रही।

वेस्टइंडीज को अगले महीने घरेलू मैदान पर विश्व चैम्पियन आस्ट्रेलिया के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलनी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493