प्रधानमंत्री मोदी पुर्तगाल पहुंचे

लिस्बन, 24 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की यात्रा के तहत शनिवार को पुर्तगाल पहुंचे। पुर्तगाल उनकी यात्रा का पहला पड़ाव है।

प्रधानमंत्री इसके बाद अमेरिका और नीदरलैंड्स भी जाएंगे।

पुर्तगाल के प्रधानमंत्री एंटोनियो कोस्टा के इसी वर्ष जनवरी में भारत दौरे के बाद मोदी पुर्तगाल दौरे पर पहुंचे हैं। कोस्टा गोवा (भारत) मूल के ही हैं।

पुर्तगाल रवाना होने से पहले मोदी ने कहा, “मैं 24 जून, 2017 को पुर्तगाल के आधिकारिक दौरे पर रहूंगा।”

मोदी ने कहा, “प्रधानमंत्री कोस्टा के जनवरी, 2017 में भारत यात्रा के बाद दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों में गतिशीलता आई है।”

उन्होंने कहा कि हालिया विचार-विमर्श के आधार पर दोनों देश संयुक्त रूप से शुरू किए गए विभिन्न पहलों और फैसलों की समीक्षा करेंगे।

मोदी ने कहा, “हम अपने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए आगे की चर्चा करेंगे, जिसमें आर्थिक सहयोग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष सहयोग तथा जन सहयोग जैसे विषय प्रमुख होंगे।”

प्रधानमंत्री ने पुर्तगाल में निवास करने वाले भारतीय समुदाय से भी मुलाकात को लेकर उत्सुकता जाहिर की।

भारतीय समुदाय से मुलाकात के बाद शनिवार को ही मोदी पुर्तगाल के प्रधानमंत्री कोस्टा के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक करेंगे और विभिन्न समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे। इसके अलावा वह यहां भारत-पुर्तगाल स्टार्ट-अप केंद्र का भी उद्घाटन करेंगे।

पुर्तगाल ने अक्टूबर, 2005 में भारत में वांछित आतंकवादी अबू सलेम और मोनिका बेदी का भारत को प्रत्यर्पण कर दिया था, जो किसी यूरोपीय देश से भारत को होने वाला पहला प्रत्यर्पण था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493