चेन्नई, 12 फरवरी (आईएएनएस)। निर्देशक एस. एस. राजामौली की फिल्म ‘बाहुबली : द बिगनिंग’ और ‘बाहुबली : द कॉनक्ल्यूजन’ की शूटिंग में चार साल का समय बिताने के बाद अभिनेता प्रभास अपनी अगली तेलुगू फिल्म की शूटिंग सोमवार से शुरू करेंगे।
इस फिल्म का निर्देशन सुजीत करेंगे। निर्देशक ने रविवार को ट्वीट के जरिए इसकी जानकारी दी।
सुजीत ने ट्वीट किया, “नई फिल्म की शुरुआत के लिए पूजा कल (सोमवार) है। सभी को शुभकामनाओं के लिए पहले से ही शुक्रिया। प्रभास शूटिंग शुरू करेंगे।”
साल 2014 में प्रभास के प्रोडक्शन के तहत बनी तेलुगू फिल्म ‘रन राजा रन’ से निर्देशन में कदम रखने वाले सुजीत की इस नई फिल्म में प्रभास को पुलिस अधिकारी के किरदार में देखा जाएगा।
फिल्म की यूनिट से एक सूत्र ने बताया, “वह इस फिल्म में एक पुलिस अधिकारी का किरदार निभाएंगे। इस फिल्म के लिए उन्हें थोड़ा वजन भी घटाना है और इसके लिए उन्होंने शुरुआत कर दी है।”
फिल्म में संगीत शंकर-एहसान-लॉय की तिकड़ी देगी।
dharmpath.com dharmpath