न्यूयार्क, 8 जून (आईएएनएस)। अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुनने के लिए हाल के महीनों में हुए डेमोक्रेटिक पार्टी प्राइमरी में खुद को विजेता घोषित किया है। इसके साथ ही उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के संभावित उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप पर हमले तेज कर दिए हैं।
न्यूयार्क के ब्रुकलिन में मंगलवार को एक रैली में हिलेरी ने अपने समर्थकों से कहा, “हमारे इतिहास में पहली बार एक प्रमुख राजनीतिक दल के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार एक महिला चुनी जाएगी। आप सभी का शुक्रिया। हमने मील का एक पत्थर लगा दिया है।”
अपने भाषण में उन्होंने ट्रंप के समाज को बांटने वाले संदेश की आलोचना की। हिलेरी ने कहा, “विकल्प स्पष्ट है। ट्रंप स्वभाव की दृष्टि से राष्ट्रपति बनने के लिए अयोग्य हैं।”
हिलेरी ने ट्रंप पर हमले तेज करते हुए कहा कि उनके मूल्य एवं बयान अमेरिकी होने के सिद्धांतों से मेल नहीं खाते।
उन्होंने ट्रंप के बारे में कहा, “वह न केवल अमेरिका और मैक्सिको के बीच दीवार बनाने की कोशिश कर रहे हैं, बल्कि वह हर अमेरिकी के बीच दीवार खींचने की कोशिश कर रहे हैं। यह अमेरिका को पीछे ले जाने का संकेत है।”
हिलेरी ने मैक्सिको की वंशावली वाले एक न्यायाधीश पर हमले को लेकर और एक विकलांग पत्रकार की नकल उतारने और महिला को सुअर की बच्ची कहने को लेकर भी ट्रंप की तीखी आलोचना की।
उल्लेखनीय है कि रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी की दौड़ में अब अकेले ट्रंप ही बचे हैं।
हिलेरी के समर्थक प्रतिनिधियों की संख्या मंगलवार को कैलिफोर्निया और न्यूजर्सी सहित छह राज्यों के प्राइमरी के बाद और बढ़ गई है।
फॉक्स न्यूज की खबर के अनुसार, ताजा आंकड़ों के अनुसार हिलेरी को डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी के लिए 2383 प्रतिनिधियों की जरूरत थी। ताजा आंकड़ों के अनुसार अब उनके पास कुल 2755 प्रतिनिधि हैं।
हिलेरी ने पार्टी के अपने प्रतिद्वंद्वी सेंडर्स को ‘अद्भुत प्रचार अभियान’ चलाने के लिए बधाई दी।
इसके बाद उन्होंने पार्टी के अंदर उम्मीदवारी की लड़ाई को समाप्त मानते हुए कहा, “हम जानते हैं कि हम आज साथ मिलकर अधिक मजबूत हुए हैं।”
अमेरिका की पूर्व प्रथम महिला, न्यूयार्क की सीनेटर और पूर्व विदेश मंत्री आधिकारिक तौर पर अगले माह 25 जुलाई से 28 जुलाई के बीच फिलाडेल्फिया में पार्टी के सम्मेलन में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार बनेंगी।
हिलेरी ने कहा कि वह कुछ दिन इस इतिहास को आत्मसात करने में लगाएंगी, यह तो हो गया लेकिन इससे भी महत्वपूर्ण कदम देश में इतिहास बनाते जाने का है। न्यूजर्सी एवं न्यू मैक्सिको का चुनाव जीतने के बाद वह भाषण दे रही थीं।
उन्होंने कहा कि प्राइमरी में उनकी जीत अमेरिका में प्रगतिशील मूल्यों के लिए पीढ़ियों द्वारा लड़ी गई लड़ाई का नतीजा है। उन्होंने महिलाओं द्वारा एक बेहतर समाज के निर्माण के लिए किए गए संघर्षो का भी जिक्र किया।
dharmpath.com dharmpath