‘प्राउड मैरी’ में अपने गीत के इस्तेमाल से बिफरे जॉन फोगर्टी

लॉस एंजेलिस, 12 जनवरी (आईएएनएस)। रॉक बैंड क्रीडेंस क्लीयरवाटर रिवाइवल के सह-संस्थापक जॉन फोगर्टी ने अभिनेत्री तराजी पी. हेंसन की नई फिल्म ‘प्राउड मैरी’ में इजाजत लिए बिना अपने गीत का इस्तेमाल करने पर नाराजगी जाहिर की है।

वेबसाइट ‘वेराइटी डॉट कॉम’ के मुताबिक, 1969 के हिट गाने ‘प्राउड मैरी’ को लिखने वाले फोगर्टी ने फिल्म के खिलाफ भड़ास निकालते हुए दावा किया कि फिल्म का शीर्षक और गाने की एक लाइन उनके गीत से ली गई है।

फोगर्टी ने शुक्रवार को फेसबुक पर पोस्ट किया, “मैंने 50 साल पहले ‘प्राउड मैरी’ गीत लिखा था और मैं ऐसा बेहतरीन गाना लिखने पर बेहद उत्साहित था। वास्तव में यह मेरा पहला बढ़िया गाना था। मेरे गाने मेरे लिए खास और अनमोल हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “..तो जब लोग अपने वित्तीय लाभ के लिए मेरे संगीत की लोकप्रियता और जनता से मुझे जो प्यार मिला है, उसे भुनाने की कोशिश करते हैं, तो मुझे गुस्सा आता है। कई सालों से मैं सीधे तौर पर इस तरह के इस्तेमाल का विरोध करता आया हूं।”

फिल्म के प्रचार वाले पोस्टर में फोगर्टी के गीत की लाइन ‘वर्किं ग फॉर द मैन एवरी नाइट एंड डे’ में एक शब्द का बदलाव करते हुए ‘किलिंग फॉर द मैन एवरी नाइट एंड डे’ लाइन का इस्तेमाल किया गया है, जिसने संगीतकार के गुस्से को और भड़का दिया।

फोगर्टी ने कहा कि किसी ने उनसे इस तरह से उनके गीत का इस्तेमाल किए जाने के बारे में नहीं पूछा, यहां तक कि ‘प्राउड मैरी’ के अर्थ के बारे में भी नहीं पूछा।

उन्होंने कहा कि ऐसा किया जाना तकलीफदेह और तनावपूर्ण है।

फोगर्टी के एक प्रतिनिधि ने कहा कि संगीतकार अपने गीत के शीर्षक का इस्तेमाल करने पर निर्माताओं के खिलाफ कोई कदम उठाकर नुकसान की भरपाई नहीं कर सकते हैं और इसलिए वह कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493