लॉस एंजेलिस, 1 अगस्त (आईएएनएस)। ऑस्कर पुरस्कार विजेता अभिनेत्री मार्ली मटलिन लोकप्रिय अमेरिकी टीवी श्रृंखला ‘क्वोंटिको’ के तीसरे संस्करण में शामिल हुई हैं। मार्ली का कहना है कि वह अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के साथ काम करने को उत्सुक हैं।
मार्ली ने सोमवार रात ट्वीट किया, “प्रियंका चोपड़ा, जोहाना ई. ब्रैडी, जेक मैक्लॉघलिन, अपने पुराने दोस्त ब्लेयर अंडरवुड और माइकल सीट्जमैन के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं।”
वहीं, प्रियंका ने भी मंगलवार को ऑस्कर पुरस्कार विजेता अभिनेत्री का स्वागत करते हुए ट्वीट किया, “‘क्वोंटिको’ में स्वागत है मार्ली मैटलिन। हम आपके साथ काम करने को उत्सुक हैं।”
वेरायटी डॉट कॉम के मुताबिक, मार्ली शो में पूर्व एफबीआई एजेंट जोसिलिन टर्नर की भूमिका में नजर आएंगी, जो एक सर्वश्रेष्ठ अंडरकवर एजेंट थीं, लेकिन पास फटे एक बम के कारण उसकी श्रवण शक्ति चली गई।
मार्ली असल जिंदगी में भी सुन नहीं सकतीं और वह नेशनल एसोसिएशन ऑफ द डेफ की एक प्रमुख सदस्य हैं।
वह ऐसी एकमात्र बधिर कलाकार हैं, जिन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का ऑस्कर पुरस्कार मिला है।
वह गोल्डन ग्लोब और चार बार एमी पुरस्कार भी जीत चुकी हैं।
dharmpath.com dharmpath