प्रीमियर लीग : कार्डिफ को हराकर दूसरे स्थान पर पहुंची टोटेनहम

कार्डिफ, 2 जनवरी (आईएएनएस)। टोटेनहम हॉटस्पर ने मंगलवार रात यहां एक तरफा मैच में कार्डिफ सिटी को 3-0 से मात देकर इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) की तालिका में दूसरे स्थान पर कब्जा कर लिया है।

कार्डिफ सिटी स्टेडियम में खेले गए 21वें दौर के मैच में तीनों गोल टोटेनहम ने पहले हाफ में किए।

इस शानदार जीत के बाद टोटेनहम 48 अंकों के साथ तालिका में दूसरे पायदान पर पहुंच गई है। तीसरे स्थान पर मौजूद सिटी के 47 अंक हैं लेकिन उसने अब तक 20 मैच ही खेले हैं। कार्डिफ 18 अंकों के साथ 16वें स्थान पर काबिज है।

टोटेनहम ने मैच की दमदार शुरुआत की और पहले मिनट से ही आक्रामक खेल खेला। तीसरे मिनट में इंग्लैंड के स्टार स्ट्राइकर हैरी केन ने गोल करके मेहमान टीम को बढ़त दिला दी।

इसके नौ मिनट बाद, मिडफील्डर क्रिस्टियन एरिक्सन ने 18 गज के बॉक्स के पास कार्डिफ के डिफेंडर को छकाते हुए दमदार गोल किया और अपनी टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया।

टोटेनहम का मैच में दबदबा कायम रहा। कार्डिफ की टीम एक काउंटर अटैक भी नहीं कर पाई और 26वें मिनट में दक्षिण कोरिया के फारवर्ड खिलाड़ी सोन ह्यूंग मिन ने स्कोर 3-0 कर दिया।

दूसरे हाफ में भी टोटेनहम का दबदबा देखने को मिला। मेहमान टीम ने ज्यादा समय तक बॉल को अपने नियंत्रण में रखा, हालांकि वे गोल करने में कामयाब नहीं हो पाए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493