प्रीमियर लीग : चेल्सी ने न्यूकासल को 2-1 से मात दी

लंदन, 13 जनवरी (आईएएनएस)। चेल्सी ने इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) के 22वें दौर के एक रोमांचक मैच में शनिवार रात यहां न्यूकासल युनाइटेड को 2-1 से मात दी।

इस अहम जीत के बाद चेल्सी 47 अंकों के साथ तालिका में चौथे पायदान पर काबिज है जबकि पांचवें स्थान पर मौजूद आर्सेनल के केवल 41 अंक हैं। न्यूकासल 18 अंकों के साथ 18वें स्थान पर मौजूद है।

स्टैम्फर्ड ब्रिज में चेल्सी की शुरुआत दमदार रही। नौवें मिनट में डिफेंडर डाविड लुईज ने अपने हाफ से विंगर प्रेडो को लंबा पास दिया जिन्होंने मेहमान टीम के 18 गज के बॉक्स में गेंद पर बेहतरीन नियंत्रण दिखाया और गोल करते हुए चेल्सी को बढ़त दिला दी।

एक गोल की बढ़त बनाने के बाद मेजबान टीम ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा। हालांकि, पहले हाफ की समाप्ति से पहले न्यूकासल बराबरी का गोल करने में कामयाब रही। 40वें मिनट में किएरन क्लार्क ने कॉर्नर पर शानदार हेडर लगाते हुए मेहमान टीम को बराबरी दिलाई।

चेल्सी ने दूसरे हाफ में भी गेंद पर अधिक समय तक नियंत्रण बनाते हुए गोल करने की कोशिश की और वे कामयाब रहे। 57वें मिनट में ब्राजील के विंगर विलियन बाईं छोर से न्यूकासल के बॉक्स में दाखिल हुए और दमदार गोल करते हुए अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493