प्रेसिडेंट्स कप गोल्फ : लाहिड़ी हारे, अंतर्राष्ट्रीय टीम 1-4 से पीछे

इंचियोन (दक्षिण कोरिया), 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। शीर्ष भारतीय गोल्फ खिलाड़ी अनिर्बान लाहिड़ी प्रेसिडेंट्स कप के पदार्पण मैच में गुरुवार को हार गए तथा अमेरिका के खिलाफ उनकी अंतर्राष्ट्रीय टीम 1-4 से पिछड़ गई।

जैक निकलस गोल्फ क्लब में चल रहे टूर्नामेंट के पहले दिन लाहिड़ी और थोंगचोई जैदी की जोड़ी रिकी फॉलर और जिमी वॉकर की अमेरिकी जोड़ी से चार और पांच से हारी।

फॉलर ने बेहतरीन शुरुआत करते हुए शुरुआत चार होल पर तीन बर्डी हासिल किए और अमेरिकी टीम को तीन शॉट से आगे कर दिया। लाहिड़ी और थोंगचोई इसके बाद लगभग पूरे मैच के दौरान पीछे ही रहे।

पहले दिन गुरुवार को अंतर्राष्ट्रीय टीम को एकमात्र जीत लुइस ऊसथूईजेन और ब्रैंडेन ग्रेस की जोड़ी ने दिलाई। लुईस-ब्रैंडेन ने मैट कचर और पैट्रिक रीड की अमेरिकी जोड़ी को तीन और दो से हराया।

लुईस-ब्रैंडेन के मैच के अलावा कप्तान निक प्राइस की अंतर्राष्ट्रीय टीम एक भी होल पर अमेरिकी टीम पर बढ़त हासिल नहीं कर सकी।

दिन के आखिरी मैच में जॉर्डन स्पीथ और डस्टिन जॉनसन की जोड़ी ने मार्क लीशमैन और डैनी ली को चार और तीन से हराया।

अमेरिकी टीम ने प्रेसिडेंट्स कप के लगातार पांचवें संस्करण के पहले दिन जीत के साथ शुरुआत की।

पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर मौजूद लाहिड़ी ने कहा, “थोंगचोई और मैं, हम दोनों ही अपने सर्वश्रेष्ठ खेल से कोसों दूर थे। हम दोनों अच्छा प्रदर्शन करने के लिए जूझते रहे और मेरे खयाल से हमने अपनी लय ही खो दी।”

लाहिड़ी ने कहा, “मेरे पास कुछ अच्छे पुट हासिल करने के मौके थे। और मध्यांतर के बाद मेरे दिमाग में आया कि हमने कुछ ज्यादा ही जल्दबाजी की। फॉलर ने पूरे दिन शानदार खेल का प्रदर्शन किया। अगर मैं गलती नहीं कर रहा तो उन्होंने छह या सात बार वन पुट हासिल किया और उनमें से कोई भी 10 फुट से अधिक दूर नहीं था।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493