प्रो कबड्डी लीग का तीसरा संस्करण 30 जनवरी से

मुंबई, 9 दिसम्बर (आईएएनएस)। शुरुआती दो संस्करणों के बेहद सफल आयोजन के बाद अब प्रो कबड्डी लीग का तीसरा संस्करण अगले वर्ष 30 जनवरी से शुरू होगा और मौजूदा चैम्पियन यू मुंबा और तेलुगू टाइटंस के बीच उद्घाटन मैच खेला जाएगा।

यू मुंबई अपने घरेलू मैदान गाचीबाउली इनडोर स्टेडियम से अपने अभियान का आगाज करेगी। सत्र की शुरुआत के पहले ही दिन दो मैच खेले जाएंगे।

30 जनवरी को होने वाला दूसरा मैच पिछले सत्र की उप-विजेता टीम बेंगलुरू बुल्स और दबंग दिल्ली के बीच खेला जाएगा।

उल्लेखनीय है कि पिछले सत्र में मुंबई ने बेंगलुरू को ही हरा कर अपना पहला खिताब जीता था।

लीग के तीसरे संस्करण में कुल 60 मैच खेले जाएंगे और लीग कुल 34 दिन तक चलेगी।

हर फ्रेंचाइजी के शहर में चार दिन मैच खेले जाएंगे, जहां घरेलू टीम चार मेहमान फ्रेंचाइजी टीमों का सामना करेगी। प्रत्येक टीम को हर शहर में घरेलू मैदान से बाहर वला एक-एक मैच खेलना होगा।

लीग का पहला चरण हैदराबाद में होगा जिसके बाद दूसरा चरण बेंगलुरू और उसके बाद तीसरी चरण कोलकाता में होगा।

पुणे के बालेवाड़ी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बैडमिटन कोर्ट में लीग का तीसरा संस्करण अपना आधा सफर पूरा करेगा।

इसके बाद लीग के मध्यांतर के बाद वाले चरण का आगाज पटना के पाटलीपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से होगा। उसके बाद 20 फरवरी से लीग जयपुर के सवाई मानसिह स्टेडियम चला जाएगा।

जयपुर के बाद देश की राजधानी में स्थित त्यागराज इनडोर स्टेडियम में लीग का अगला चरण खेल जाएगा और अंतत: आखिरी लीग चरण के मुकाबले मुंबई के राष्ट्रीय स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाएंगे।

इसके बाद सेमिफाइनल, प्लेऑफ और फाइनल मुकाबलों के लिए लीग फिर से दिल्ली लौट आएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493