प्रो कबड्डी लीग के चौथे संस्करण को मिले 51 फीसदी अधिक दर्शक

नई दिल्ली, 12 अगस्त (आईएएनएस)। हाल ही में संपन्न हुआ स्टार स्पोर्ट्स प्रो कबड्डी लीग का चौथा संस्करण लोकप्रियता की एक नई मिसाल बना। पीकेएल सीजन-4 के रोमांच का आलम यह रहा कि इस बार दर्शकों की संख्या में 51 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

पीकेएल अब देश के बेहद सफल लीग टूर्नामेंट के रूप में स्थापित हो चुका है। पिछले चार संस्करणों में इसके दर्शकों की संख्या 51 प्रतिशत बढ़ी है।

पीकेएल सीजन-4 को करीब एक करोड़ लोगों ने देखा। सबसे रोमांचक बात यह रही कि इस बार कबड्डी लीग में महिला कबड्डी चैलेंज की शुरुआत भी हुई, जिसने एक नई ऊंचाई हासिल की है।

पुरुष कबड्डी लीग के साथ प्रायोगिक तौर पर शुरू हुए महिला कबड्डी चैलेंज को टेलीविजन पर करीब 67 लाख लोगों ने देखा। इस चैलेंज को पिछले एक साल में टेलीविजन पर देखे गए शीर्ष 10 खेलों की सूची में रखा गया है।

स्टार स्पोर्ट्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नितिन कुकरेजा ने कहा, “दर्शकों की संख्या में बढ़ोतरी कबड्डी लीग की ओर से पिछले चार साल में पार किए गए सफर का सार है। भारतीय दर्शकों ने महिलाओं और पुरुषों दोनों के मुकाबलों को सराहा है।”

यह प्रो कबड्डी लीग की सफलता का ही असर है कि देश में इस साल अक्टूबर में कबड्डी विश्व कप-2016 का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें पांच महाद्वीपों की कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें मेजबान भारत के अलावा अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, आस्ट्रेलिया, ईरान. पोलैंड, पाकिस्तान, बांग्लादेश, कोरिया, जापान और केन्या शामिल हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493