प्रो कबड्डी लीग : दबंग दिल्ली ने बेंगलुरू बुल्स को दी मात (लीड-1)

पटना, 18 फरवरी (आईएएनएस)। प्रो कबड्डी लीग (पीबीएल) में पाटलीपुत्र स्पोर्ट्स कम्प्लेक्स में खेले गए पटना चरण के गुरुवार को खेले गए पहले मैच में दिल्ली दबंग ने बेंगलुरू बुल्स को हराकर तीसरे सत्र में अपनी पहली जीत दर्ज की वहीं दूसरे मुकाबले में पटना पाइरेट्स और पुणेरी पल्टन का मुकाबला एकबार फिर बराबरी पर छूटा।

स्टार स्पोर्ट्स प्रो कबड्डी लीग में गुरुवार को खेले गए एक मुकाबले में पुणेरी पल्टन ने पटना पायरेट्स को 28-28 को बराबरी पर रोका। इस सीजन में दूसरी बार पुणे ने पटना के खिलाफ मुकाबला टाई कराने में सफल रहा है।

इसके पहले 11 फरवरी को पुणे में हुए मुकाबले में पुणेरी पल्टन और पटना पायरेट्स के बीच हुआ मुकाबला 30-30 पर बराबर हुआ था।

गुरुवार को खेले गए दूसरे मैच के दूसरे हाफ में पुणेरी पल्टन के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। पहले हाफ में पटना पायरेट्स की टीम 16-11 से आगे थी।

दूसरे हाफ के 26 वें मिनट में पटना पायरेट्स पहली बार आल आउट हुई। इसके बाद दोनों टीमों के बीच एक-एक अंक के लिए संघर्ष होता रहा। कभी पुणे आगे तो कभी पटना आगे। आखिरकार मुकाबला 28-28 अंक के साथ बराबरी पर छूटा।

पटना पायरेट्स ने रेड से 15, टैकल से दस, अल आउट से दो अंक बटोरे जबकि अतिरिक्त के रूप में एक अंक मिला। इसके मुकाबले पुणेरी पल्टन ने रेड से 14, टैकल से 11, अल आउट से दो अंक बटोरे। पुनेरी को भी दो अतिरिक्त अंक मिला।

पटना की ओर से रोहित कुमार ने आठ, कप्तान मनप्रीत सिंह ने चार, संदीप, हादी और प्रदीप ने तीन-तीन, संदीप नरवाल ने दो, दीपक और विनोद कुमार ने एक-एक जुटाए। पुणे की ओर से दीपक होदा ने सबसे ज्यादा सात अंक लिए। इसके अलावा जसमेर सिंह व कप्तान मनजीत छिल्लर ने पांच, सुरिन्दर सिंह ने चार, सुरजीत ने दो, तुषार व रवि ने एक-एक बटोरे।

इसके पूर्व खेले गए मैच में दिल्ली दबंग ने बेंगलुरू बुल्स को 35-21 से हराया। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों की कोशिश जीत की थी, लेकिन दिल्ली का पलड़ा शुरू से ही भारी था।

दिल्ली ने पहले हाफ में ही 16-7 की बढ़त बना ली थी। बढ़त का यह सिलसिला दूसरे हाफ में भी जारी रहा। दिल्ली के खिलाड़ी मैच में बेंगलुरु के खिलाड़ियों पर हमेशा हावी रहे। दबाव के कारण न तो बेंगलुरू के रेडर चल सके और न ही डिदेंडर। बेंगलुरू के खिलाड़ी दिल्ली के आगे बेबस नजर आ रहे थे।

इस मैच में दिल्ली ने रेड से 15, टैकल से 14, अल आउट से चार अंक हासिल किए जबकि टीम दो अतिरिक्त अंक हासिल करने में भी कामयाब रही। इसके मुकाबले बेंगलुरू ने रेड से 11, टैकल से सात अंक हासिल किए, जबकि उसे तीन अतिरिक्त अंक भी मिले।

बेंगलुरू की ओर से दीपक दाहिया ने पांच, पवन कुमार ने चार, आशीष सांगवान और सोमवीर ने तीन-तीन,श्रीकांत ने दो, और दीपक कुमार ने एक अंक जुटाए।

दिल्ली के लिए, रेडर काशीलिंगा खडके ने आठ, रेडर सिलावमणि ने सात, रवीन्द्र पहल ने पांच संदीप धुल व अनिल कुमार ने चार-चार और रोहित कुमार चौधरी ने एक अंक जुटाए। इस मैच के दौरान बेंगलुरू दो बार अल आउट हुई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493