प्रो कबड्डी लीग : वॉरियर्स को हरा दूसरे स्थान पर पहुंचा यू मुंबा

हैदराबाद, 3 जुलाई (आईएएनएस)। यू मुंबा टीम ने यहां गाचीबावली इनडोर स्टेडियम में हुए स्टार स्पोर्ट्स प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के चौथे संस्करण के 16वें मैच में बंगाल वॉरियर्स को एकतरफा मुकाबले में 26-18 से हरा दिया।

लागातार दो हार के बाद यू मुंबा टीम की यह लगातार दूसरी जीत है। पांच मैचों में तीन जीत के साथ यू मुंबा के 16 अंक हो गए और वह अंकतालिका में दूसरे पायदान पर पहुंच गई।

दूसरी ओर वॉरियर्स टीम लगातार दो हार के साथ आठ टीमों की अंकतालिका में सातवें पायदान पर ही जमा हुआ है।

वॉरियर्स ने टैकल के जरिए मैच का पहला अंक जरूर हासिल किया, लेकिन 12वें मिनट तक आते-आते यू मुंबा ने 12-4 की बड़ी बढ़त बना ली थी। मुंबा टीम मध्यांतर तक 16-9 की बढ़त बनाए रखने में सफल रहा।

यू मुंबा टीम पूरे मैच में वॉरियर्स पर इस कदर हावी रही कि दूसरे मिनट में पहला अंक हासिल करने वाली वॉरियर्स 1-0 से एक बार ही बढ़त ले सकी। उसके बाद एक बार यू मुंबा ने बढ़त हासिल कर ली तो पूरे मैच में वॉरियर्स उनसे आगे नहीं निकल सके।

यू मुंबा के लिए रिशांग देवाडिगा ने सर्वाधिक पांच अंक रेड से जुटाए, जबकि राकेश कुमार और सुरजीत ने चार-चार अंक जोड़े। रिशांग को मोमेंट ऑफ द मैच और रेडर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला।

यू मुंबा टीम ने रेड के जरिए 11, टैकल के जरिए 13 और ऑल आउट कर दो अंक हासिल किए, जबकि वॉरियर्स टीम रेड के जरिए आठ, टैकल के जरिए छह और अतिरिक्त के रूप में चार अंक हासिल कर सकी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493