लॉस एंजेलिस, 22 जून (आईएएनएस)। अभिनेता टाइरेस गिब्सन चाहते हैं कि ‘फास्ट एंड द फ्यूरियस’ फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म की शूटिंग अफ्रीका में हो। साथ ही वह चाहते हैं कि इसमें अभिनेता मैट डैमन और डेंजल वॉशिंगटन भी शामिल हों।
वेबसाइट ‘फीमेलफर्स्ट डॉट को डॉट यूके’ के मुताबिक, वर्ष 2003 की फिल्म ‘द फास्ट एंड द फ्यूरियस : एज रोमन पीयर्स’ से सिरीज के साथ जुड़े 38 वर्षीय अभिनेता का कहना है कि वह चाहते हैं कि श्रृंखला की आगामी फिल्म की शूटिंग किसी नई लोकेशन पर हो और इसमें कुछ नई प्रतिभाओं को मौका दिया जाए।
‘एक्स्ट्राटीवी डॉट कॉम’ से बात करते हुए गिब्सन ने कहा, “मैं चाहता हूं कि इसकी शूटिंग अफ्रीका में हो, केप टाउन और जोहानिसबर्ग में अच्छा रहेगा। साथ ही मेरी इच्छा है कि इसमें मैट डैमन और डेंजल वॉशिंगटन भी हों। मुझे लगता है कि वे इसके लिए बेहतरीन काम करेंगे।”
गिब्सन ने साथ ही कहा कि इस श्रृंखला की नवीनतम फिल्म ‘द फेट एंड द फ्यूरियस’ में दर्शकों को पर्दे के पीछे के दृश्यों के जरिए फिल्म के सेट का आंखों देखा हाल भी देखने को मिलेगा।
dharmpath.com dharmpath