सुवा, 1 जनवरी (आईएएनएस)। फिजी ने शुक्रवार को भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से अगले कुछ दिनों तक सावधानी बरतने को कहा है।
हाल ही में ऊला नामक उष्णकटिबंधीय चक्रवात उठा है, जिसके मद्देनजर यह चेतावनी जारी की गई है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, देर बुधवार उठे ऊला चक्रवात के कारण फिजी और टोंगा सहित अन्य प्रशांत द्वीप देशों में तूफानी मौसम का आगमन हुआ।
फिजी के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन कार्यालय के निदेशक अकापुसी तुइफागालेले ने फिजी नागरिकों से सर्तक रहने को कहा है।
तुइफागालेले ने कहा, “उष्णकटिबंधीय चक्रवात ऊला धीरे-धीरे बढ़ रहा है, लेकिन हम सभी फिजी वासियों को अभी से तैयार रखना चाहते हैं। अभिभावकों से भी आग्रह किया गया है कि वह अपने बच्चों पर ध्यान दें और सभी चीजों का निरीक्षण करें।”
प्रशासन ने भी लोगों को बाढ़ग्रस्त इलाकों से दूर जाने की सलाह दी है और सभी संभव राहतकार्यो के लिए जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है।
इस बीच, देश में कई इलाकों की बिजली भी गुल और कई मुख्य नदियों में पानी का स्तर भी बढ़ गया है।
चक्रवात संबंधी घटनाओं में फिलहाल किसी के हताहत होने या इससे किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।
dharmpath.com dharmpath