नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी का कहना है कि वह अपनी फिटनेस को लेकर काफी सजग रहते हैं।
सुनील 55 साल के हैं और इस उम्र में भी वह पूरी तरह से फिट हैं। अभिनेता ने कहा कि यह एक बेहद अच्छा अहसास है।
अभिनेता ने मुंबई से फोन पर आईएएनएस को दिए एक बयान में कहा, “मैं अपनी फिटनेस को लेकर बहुत सजग रहता हूं और मेरा मानना है कि हमारे अंदर कहीं न कहीं वो विजेता है, जिसमें कुछ कर दिखाने की क्षमता है। उम्र तो केवल एक संख्या है।”
सुनील इस बात से अधिक खुश हैं कि युवा पीढ़ी फिटनेस पर अधिक ध्यान दे रही है।
अभिनेता ने कहा, “मैं इस बात से खुश हूं कि युवा पीढ़ी फिटनेस पर ध्यान दे रही है। मैं देख रहा हूं कि नई पीढ़ी मुझे सम्मान दे रही है। वे सभी कह रहे हैं कि हम अपना प्रशिक्षण आपके कारण शुरू कर रहे हैं। 18 साल के बच्चों की प्रेरणा बनने से बेहतर कोई और चीज नहीं। मैं सच में बहुत खुश हूं।”
अभिनेत्री आथिया शेट्टी के पिता सुनील ने ‘स्मैश शिवफिटइन’ नाम के जिम का उद्घाटन किया। इस जिम का निर्माण शिवोहम के साथ मिलकर किया गया है।
इस नए जिम के बारे में सुनील ने कहा, “इसका नाम शिवफिट है और मुझे लगता है कि यह सबसे शानदार है। मुझे यह जिम बाकी जिमों से अलग लग रहा है, क्योंकि इसमें दिए जाने वाला प्रशिक्षण अलग है और इसमें हमारी दिनचर्या से संबंधित गतिविधियां शामिल हैं।”
dharmpath.com dharmpath