फिट रहना है लक्ष्य : सरदार सिंह

नई दिल्ली, 13 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय हॉकी टीम के महत्वपूर्ण सदस्य और पूर्व कप्तान सरदार सिंह ने शुक्रवार को कहा है कि उनका लक्ष्य शारीरिक और मानसिक तौर से फिट रहना है ताकि वह अपनी टीम की उम्मीदों पर खरा उतर सकें।

सरदार हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) में जेपी पंजाब वॉरियर्स की तरफ से खेल रहे हैं।

सरदार ने कुछ महीने पहले एशिया चैम्पियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में अहम गोल कर भारत को फाइनल में पहुंचाने में मदद की थी। भारतीय टीम इस मैच में 1-2 से पिछड़ रही थी और सरदार ने गोल कर उसे बराबरी पर ला दिया था। भारत ने इस टूर्नामेंट के फाइनल में पाकिस्तान को हराते हुए जीत हासिल की थी।

एशिय कप के बाद भारत ने नवंबर में आस्ट्रेलिया का दौरा किया था। इसके बाद से टीम मैदान से दूर है। 45 दिन के अंतराल के बाद टीम के खिलाड़ी एचआईएल में उतर रहे हैं। सरदार का कहना है कि इस लंबे ब्रेक ने उन्हें काफी मदद की है।

एक बयान में सरदार ने कहा, “मुझे लगता है कि यह हमें रियो ओलम्पिक-2016 के बाद मिला सबसे लंबा ब्रेक था। इस ब्रेक से मुझे आराम करने में मदद मिली है। साथ ही मैंने इस दौरान अपने परिवार के साथ समय भी बिताया है और अपनी फिटनेस पर काम भी किया है।”

एचआईएल की मौजूदा विजेता टीम के कप्तान सरदार का मानना है कि इस साल एचआईएल में खेलना उनके लिए अहम होगा क्योंकि इससे उन्हें अपनी फिटनेस को परखने का मौका मिलेगा।

उन्होंने कहा, “इस साल एचआईएल मेरे लिए काफी अहम होगी क्योंकि इसमें खेलने से मुझे पता चलेगा की मैं कहां हूं। मुझे आस्ट्रेलिया के जैमी ड्वयार से प्ररेणा मिलती है जो 35-36 साल की उम्र तक भी अपने खेल के शीर्ष पर रहे। इसलिए मैं नहीं मानता कि उम्र कोई परेशानी है। मेरा लक्ष्य 2018 में होने वाले विश्व कप के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493