फिर रद्द हो गया कोपा लिबर्टाडोरेस फाइनल का मैच

ब्यूनस आयर्स, 26 नवंबर (आईएएनएस)। रिवर प्लेट और बोका जूनियर्स के बीच कोपा लिबर्टाडोरेस फाइनल के दूसरे चरण का मैच एक बार फिर रद्द कर दिया गया।

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, इस मैच को समर्थकों की हिंसक घटना के कारण पहले भी रद्द किया गया था।

उल्लेखनीय है कि बोका जूनियर्स टीम की बस पर रिवर प्लेट के समर्थकों द्वारा किए गए हमले के कारण इस मैच को रद्द किया गया था और इसके रविवार रात को आयोजित करने का फैसला लिया गया था।

इस हमले में बस की खिड़की के कांच टूटने के कारण बोका जूनियर्स के खिलाड़ियों को चोटें आई थीं। इसमें मैनचेस्टर सिटी और युनाइटेड के पूर्व खिलाड़ी कार्लोस तेवेज भी चोटिल हुए।

हिंसक समर्थकों की भीड़ को हटाने के लिए पुलिस द्वारा आंसू गैस के गोलों का भी इस्तेमाल किया गया और इस कारण भी बोका जूनियर्स के खिलाड़ियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इस घटना के कारण दोनों टीमों के बीच दूसरे चरण के मैच को शनिवार रात के बजाए रविवार रात आयोजित करने का फैसला लिया गया, लेकिन रविवार रात आयोजन से तीन घंटे पहले इसे एक बार फिर रद्द कर दिया गया।

बोका क्लब के अधिकारियों ने रविवार को कोनमेबोल को एक औपचारिक प्रस्तुति दी और इस मैच को एक-समान परिस्थितियों में आयोजित कराने का आग्रह किया। इस कारण इसे दोबारा रद्द कर दिया गया।

दोनों टीमों के बीच अब फाइनल के दूसरे चरण के मैच के लिए नई तारीख की घोषणा होना बाकी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493