रामल्लाह, 13 जनवरी (आईएएनएस)। फिलिस्तीन के शीर्ष नेता रविवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जेरूसलम को इजरायल की राजधानी के रूप में मान्यता देने के विवादास्पद फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया देने के लिए रामल्लाह में बैठक करेंगे।
फिलिस्तीनी न्यूज एजेंसी वाफा की शुक्रवार की रपट के अनुसार, फिलिस्तीनी लिबरेशन आर्गनाइजेशन की केंद्रीय समिति के 121 सदस्यों की दो दिवसीय बैठक वेस्ट बैंक में रविवार को शुरू होगी। बैठक की शुरुआत राष्ट्रपति महमूद अब्बास के भाषण से होगी।
प्रतिनिधियों के अनुसार, बैठक में इजरायल की मान्यता को 1993 में रद्द किए जाने के पीएलओ के निर्णय पर भी चर्चा हो सकती है।
पिछले माह अपने भाषण में अब्बास ने छह दिसंबर के राष्ट्रपति ट्रंप के फैसले की कड़ी आलोचना की थी और कहा था कि फिलिस्तीन इजरायल के साथ विवाद में कभी भी अमेरिकी मध्यस्ता स्वीकार नहीं करेगा।
पीएलओ अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर फिलिस्तीनी लोगों का मान्यता प्राप्त प्रतिनिधि है, जिसमें विभिन्न पक्षों के सदस्य शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath