फिलीपींस के राष्ट्रपति परस्पर संघर्षविराम पर कर रहे विचार

मनीला, 20 अगस्त (आईएएनएस)। साम्यवादी विद्रोहियों के संघर्षविराम के मद्देनजर फिलीपींस के राष्ट्रपति रॉड्रिगो दुतेर्ते शनिवार को परस्पर संघर्षविराम की घोषणा कर सकते हैं। विद्रोहियों ने एक सप्ताह के लिए संघर्षविराम की घोषणा कर रखी है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, राष्ट्रपति के संचार सचिव मार्टिन अंदानर ने कहा कि दुतेर्ते ने परस्पर संघर्षविराम की घोषणा करने की इच्छा जाहिर की है। विद्रोहियों ने शुक्रवार को संघर्षविराम की घोषणा की थी।

अंदानर ने कहा, “जहां तक आधिकारिक घोषणा की बात है तो हमें इसकी उम्मीद एक दिन के भीतर करनी चाहिए।” उन्होंने कहा कि सरकारी संघर्षविराम के विस्तृत विवरणों की घोषणा बाद में की जाएगी।

उन्होंने कहा, “संघर्षविराम की तिथि, कार्यक्रम और कब तक संघर्षविराम जारी रहेगा, के बारे में राष्ट्रपति दुतेर्ते, राष्ट्रपति के शांति सलाहकार, जीसस दुरेजा और रक्षा सचिव, डल्फिन लोरेनजाना के बीच अब भी चर्चा हो रही है।”

नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में सोमवार को फिर से शुरू होने वाली शांति वार्ता से पहले फिलीपींस की कम्युनिस्ट पार्टी ने गत शुक्रवार को सात दिनों के लिए एकतरफा संघर्षविराम की घोषणा कर दी थी।

विद्रोहियों ने कहा कि संघर्षविराम 21 अगस्त को रात्रि 12.01 बजे से 27 अगस्त की रात 11.59 बजे तक प्रभावी रहेगा।

शांति वार्ता औपचारिक रूप से 22 अगस्त को शुरू होगी और 26 अगस्त तक चलेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493