फिलीपींस में ऑस्ट्रेलियाई पत्रकार गोली लगने से घायल

मनीला, 15 जून (आईएएनएस)। फिलीपींस के हिंसाग्रस्त मारावी शहर में रिपोर्टिग कर रहा ऑस्ट्रेलिया का एक पत्रकार गुरुवार को गोली लगने से घायल हो गया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन के दक्षिण-पूर्व एशिया के संवाददाता एडम हार्वे को मारावी शहर के कैपिटल कंपाउंड से तस्वीर लेते वक्त गर्दन में गोली लग गई।

रिपोर्ट के मुताबिक, पत्रकार तथा सहायताकर्मी कंपाउंड में कभी-कभी आराम करने के लिए इकट्ठा होते हैं, क्योंकि वह सुरक्षित माना जाता है।

स्थानीय एबीएस-सीबीएन न्यूज ने कहा, “हार्वे कंपाउंड के खाली कराए जा रहे इलाके में थे और वह कैपिटल के सामने सड़क पर खेल रहे कुछ बच्चों की अच्छी तस्वीरें लेना चाहते थे।”

घटना के चश्मदीद पत्रकार के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया, “हार्वे को झुककर तस्वीर लेने में दिक्कत हो रही थी, इसलिए उन्होंने अपनी बुलेट-प्रूफ जैकेट उतार दी थी।”

राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते के प्रवक्ता अर्नेस्टो अबेला ने कहा कि सरकार ने अभी तक उस रिपोर्ट की पुष्टि नहीं की है, जिसके मुताबिक मारावी शहर में एक विदेशी पत्रकार को गोली मारी गई है।

गुरुवार को एक प्रेस वार्ता में अबेला ने खासकर विदेशी पत्रकारों से मारावी शहर में जारी लड़ाई के दौरान वस्तुनिष्ठ रिपोर्टिग की अपील की।

बीते 23 मई को भारी हथियारों से लैस माउते आतंकवादियों ने उस वक्त मारावी पर हमला बोल दिया था, जब सेना शहर में छिपे अबु सैयाफ गुट के एक सरगना की तलाश करने गई थी। माउते आतंकवादी इस्लामिक स्टेट (आईएस) संगठन से निष्ठा जताते हैं।

सेना ने कहा कि मारावी में सुरक्षाकर्मियों व आतंकवादियों सहित लगभग 100 लोग मारे जा चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493