फिल्मों में गाना चाहते हैं इरफान

मुंबई, 9 जुलाई (आईएएनएस)। आगामी फिल्म ‘मदारी’ की रिलीज का इंतजार कर रहे अभिनेता इरफान खान ने कहा कि वह आने वाले वर्षो में किसी फिल्म में गाना चाहेंगे।

टेलीविजन रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा’ में फिल्म के प्रचार के लिए पहुंचे अभिनेता प्रतियोगियों से इतना अधिक प्रेरित हुए कि उन्होंने खुद भी गाने की इच्छा जाहिर कर दी।

इरफान ने कहा, “शो ‘सा रे गा मा पा’ के सभी प्रतिभागी बेहतरीन हैं और उनमें महान प्रतिभा है। उन्हें देखने के बाद मैं भी गाने के लिए प्रेरित हुआ हूं और निश्चित रूप से आने वाले वर्षो में गाऊंगा।”

इरफान ईद संबंधी विशेष एपिसोड में दिखाई देंगे। इसकी मेजबानी जय भानुशाली कर रहे हैं। इसका प्रसारण टेलीविजन चैनल जीटीवी पर शनिवार को होगा।

टॉम हैंक्स के साथ अपनी आगामी फिल्म ‘इन्फर्नो’ की रिलीज का इंतजार कर रहे अभिनेता ने कहा कि वह ऐसी आसाधारण प्रतिभा से मिलकर खुद को सम्मानित और भाग्यशाली महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “मैंने सभी प्रस्तुतियों का बहुत आनंद लिया और कहना चाहूंगा कि वे सभी अलग तरह के प्रतिभाशाली हैं, जो आगे तक जाएंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493