नई दिल्ली, 16 दिसम्बर (आईएएनएस)। देश में ‘धार्मिक सहिष्णुता’ पर बयान देकर विवादों का सामना कर चुके बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान का मानना है कि इन सब विवादों से उनके नाम और प्रसिद्धि पर कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला है।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने उनकी फिल्म ‘दिलवाले’ का बहिष्कार करने का आह्वान किया है।
शाहरुख ने यहां कहा, “जनता खुद को जाहिर करने के लिए एक मौका चाहती है और उसके बाद वे सार्वजनिक हस्तियों का इस्तेमाल करते हैं। लोग सार्वजनिक हस्तियों के कंधों पर बंदूक रखकर चलाना चाहते हैं। यह एक छोटी चीज है, लेकिन हम देशभक्त और राष्ट्रवादी हैं।”
शहरुख ने यहां बुधवार अपराह्न एक संवाददाता सम्मेलन में यह टिप्पणी की।
गौरतलब है कि पिछले महीने के प्रारंभ में शाहरुख को असहिष्णुता पर अपनी टिप्पणी को लेकर विवादों का सामना करना पड़ा था।
भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ ने शाहरुख की भाषा को आतंकवादी नेता हाफिज सईद की भाषा करार दिया था, जबकि विहिप नेता साध्वी प्राची ने उन्हें पाकिस्तान का एक ‘एजेंट’ तक कह डाला था।
अपनी आगामी फिल्म को लेकर शाहरुख ने कहा, “मुझे लोगों से बहुत प्यार प्यार मिला है। मैं समझता हूं कि ये चीजें प्रभावित नहीं करेंगी। न ही मुझे और न ही फिल्म और मेरे काम को।”
शाहरुख की फिल्म ‘दिलवाले’ शुक्रवार को प्रदर्शित हो रही है।
dharmpath.com dharmpath