मुंबई, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता इरफान खान का कहना है कि फिल्म के प्रचार और मार्केटिंग पर खर्च एक ‘बोझ’ है। उन्होंने फिल्म ‘तलवार’ में जांच अधिकारी की भूमिका से सब पर अपना प्रभाव छोड़ा है और अब वह फिल्म ‘जज्बा’ में एक निलंबित पुलिसकर्मी की भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने आईएएनएस से कहा, “फिल्म निर्माण पर यह (प्रचार) एक बोझ है। इसकी एक सीमा होनी चाहिए और इसकी राशि घटाई जानी चाहिए। मुझे लगता है यह धन की बर्बादी है”
उन्होंने कहा, “फिल्म के प्रचार में काफी धन खर्च किए जाते हैं। निर्देशक अच्छी फिल्म बनाता है। फिल्म के प्रचार का भी बोझ होता है।”
इरफान का कहना है कि जागरूकता सीमित की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा, “दर्शक ट्रेलर देख कर फैसला करते हैं कि उन्हें फिल्म देखनी है या नहीं। मुझे नहीं पता कि प्रचार की वजह से कितने लोग फिल्म देखने आएंगे। जागरूकता के लिए ट्रेलर काफी है।”
इससे पहले ‘जज्बा’ के निर्देशक संजय गुप्ता ने भी ट्विटर पर लिखा था, “होशियार लोग मार्केटिंग रणनीति नहीं अपनाते हैं।”
फिल्म शुक्रवार को प्रदर्शित हो रही है।
dharmpath.com dharmpath