फिल्म समारोहों में व्यावसायिक फिल्मों को सम्मान नहीं मिलता : फराह

नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। अपने नाच-गानों और पुर्नजन्म की फिल्मी कहानी के साथ दर्शकों को लुभाने वाली फराह खान की फिल्म ‘ओम शांति ओम’ रिलीज के आठ वर्षों बाद 37वें काहिरा अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (सीआईएफएफ) में हाल ही में प्रदर्शित की गई। हालांकि फराह का मानना है कि व्यावसायिक फिल्मों को भारतीय फिल्म समारोहों में सम्मान नहीं मिलता।

फराह ने मुंबई से फोन पर आईएएनएस को बताया, “जब कोई विदेशी फिल्म समारोह आपको सम्मानित करता है तो इसका अर्थ है कि वे आपकी फिल्म को पसंद करते हैं। लेकिन भारत में फिल्म समारोह आयोजित करने वाले व्यावसायिक फिल्मों को सम्मान नहीं देते।”

मुखर अभिव्यक्ति के लिए मशहूर फराह ने कहा, “वे समारोहों में विशिष्ट बौद्धिक कला फिल्में दिखाते हैं, लेकिन साथ ही वे व्यवसायिक अभिनेताओं और निर्देशकों को समारोह में शामिल करना चाहते हैं, क्योंकि इनके दम पर ही भीड़ और मीडिया जुटती है।”

काहिरा फिल्म समारोह में फराह की ‘ओम शांति ओम’ की स्क्रीनिंग के साथ ही उन्हें सिनेमा में उत्कृष्टता के लिए ‘फतेन हमामा अवार्ड’ से नवाजा गया।

फराह उम्मीद करती हैं कि भारतीय फिल्म समारोहों में भी व्यावसायिक और गैर व्यावसायिक फिल्में दोनों दिखाई जाएं।

फराह ने कहा, “मुझे लगता है कि अगर वे दोनों तरह की फिल्में दिखाएं तो यह अच्छा रहेगा।”

फराह अब महिला शक्ति पर फिल्म बनाने की योजना बना रही हैं, जिसे उनके दोस्त सुपरस्टार शाहरुख खान की रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले निर्मित किया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493