फीफा अधिकारी वार्नर की प्रत्यर्पण याचिका पर फैसले में देरी

पोर्ट ऑफ स्पेन, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। फुटबाल की विश्व नियामक संस्था फीफा के पूर्व उपाध्यक्ष जैक वार्नर की अमेरिका प्रत्यर्पण के खिलाफ दायर याचिका पर त्रिनिदाद एवं टोबैगो की अदालत 22 जनवरी को फैसला सुनाएगी।

अमेरिका ने फीफा में हुए कथित भ्रष्टाचार के मामलों में संलिप्तता के आरोपी वार्नर को अमेरिका प्रत्यर्पित करने की मांग की है।

समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, त्रिनिदाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश जेम्स अबाउड ने शनिवार को कहा कि वार्नर अपने अमेरिका प्रत्यर्पण को चुनौती दे सकते हैं या नहीं, इस पर फैसला जनवरी में सुनाया जाएगा।

वार्नर ने अमेरिका के साथ हुए त्रिनिदाद के प्रत्यर्पण समझौते का अध्ययन करने के लिए अदालत से समय की मांग की है।

गौरतलब है कि वार्नर फीफा के उन 14 अधिकारियों में शामिल हैं जो फीफा में हुए व्यापक भ्रष्टाचार के मामलों में अमेरिकी अदालत में आरोपित हैं।

त्रिनिदाद के उद्यमी और राजनीतिक वार्नर 1997 से 2011 के बीच फीफा के उपाध्यक्ष रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493