मास्को, 9 जून (आईएएनएस)। स्लोवेनियाई फुटबाल महासंघ के अध्यक्ष एलेक्सान्द्रे केफेरिन आधिकारिक तौर पर यूरोप में फुटबाल की नियामक संस्था-यूईएफए के पूर्व अध्यक्ष माइकल प्लाटिनी का स्थान लेने की जंग में कूद गए हैं। उन्होंने कहा है कि यूरोपीयन फुटबाल की नियामक संस्था को फीफा की तरह ही बदलाव करने की जरूरत है।
समाचार एजेंसी तास के मुताबिक, केफेरिन ने बुधवार को कहा, “यूईएफए को फीफा की तरह ही बदलाव की जरूरत है। हम यह नहीं कह सकते कि यूईएफए एक बुरी संस्था है, यह अच्छी संस्था है। इसमें बदलाव की जरूरत है।”
उन्होंने कहा, “इसमें कई बदलाव करने की जरूरत है। मैं इसके बारे में भविष्य में बताऊंगा। मैंने काफी कुछ तैयारी की है, लेकिन मुझे लगता है कि मुझे सभी हितधारकों से बात करने की जरूरत है।”
उन्होंने कहा कि वह फीफा के अध्यक्ष गिआनी इन्फैनटीनो के साथ काम करने के बारे में सोच रहे हैं।
उन्होंने कहा, “मैं इन्फैनटीनो और उनकी टीम को जानता हूं। मैं जानता हूं कि उनके पास हालात बदलने के लिए ज्यादा समय नहीं है। उनके पास कम समय है। वह वहां कुछ समय के लिए हैं। मैं उन पर विश्वास करता हूं और मानता हूं कि यूईएफए को उनके साथ मिलकर काम करना चाहिए।”
उन्होंने कहा, “मैं इन्फैनटीनो को अच्छी तरह से जानता हूं। मैं इस बात को लेकर सुनिश्चित हूं कि अगर मैं चुन कर आया तो हम साथ में मिलकर काम कर सकते हैं। चुनाव होने हैं। मैं यूूरोप में हर संघ से बात करुं गा क्योंकि मुझे ज्यादा से ज्यादा समर्थन की आवश्यकता है।”
dharmpath.com dharmpath