ज्यूरिख, 7 जुलाई (आईएएनएस)। फुटबाल की विश्व नियामक संस्था-फीफा ने विश्व कप-2018 और विश्व कप-2022 की मेजबानी की दावेदारियों के लिए गठित समिति के तत्कालीन अध्यक्ष को ‘गोपनीयता’ के उल्लंघन के आरोप में सात वर्ष के लिए प्रतिबंधित कर दिया।
फीफा ने 54 वर्षीय हेरॉल्ड माएन निकोल्स को सोमवार को प्रतिबंधित कर दिया।
फीफा की ओर से जारी वक्तव्य के अनुसार, “निकोल्स पर सात वर्ष के लिए फुटबाल से संबंधित राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के किसी भी कार्यक्रम में हिस्सा लेने पर रोक लगा दी गई है।”
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, फीफा ने कहा है कि निकोल्स को गोपनीयता से संबंधित नियम के उल्लंघन के लिए प्रतिबंधित किया गया है, हालांकि इससे अधिक ब्यौरा नहीं दिया गया है।
चिली फुटबाल संघ के अध्यक्ष रह चुके निकोल्स ने फीफा विश्व कप-2022 के मेजबानी के दावेदारों की रिपोर्ट तैयार की थी, जिसमें कतर को सबसे खराब वरीयता दी थी, हालांकि कतर विश्व कप की मेजबानी हासिल करने में सफल रहा।
उधर निकोल्स ने पुष्टि की है कि वह अपने ऊपर लगे प्रतिबंध को चुनौती देंगे।
dharmpath.com dharmpath