ज्यूरिख, 3 दिसम्बर (आईएएनएस)। फुटबाल की विश्व नियामक संस्था फीफा के दो और अधिकारियों को गुरुवार को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
फीफा के उपाध्यक्ष एलफ्रेडो हैविट और जुआन एंजेल नापोत को 10 लाख डॉलर की राशि रिश्वत लेने के संदेह में गिरफ्तार किया गया है।
होंडुरास के हैविट जहां कोनकैकाफ के अंतरिम अध्यक्ष हैं, वहीं पराग्वे के नापोत कोनमेबोल के अध्यक्ष हैं।
खबरों के मुताबिक, दोनों अधिकारियों को बाउर आउ लैक होटल से गिरफ्तार किया गया। इससे पहले मई में भी कई अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया था।
इस समय ज्यूरिख में फीफा की कार्यकारी समिति की सुधारों पर मतदान के लिए दो दिन की बैठक चल रही है।
स्विट्जरलैंड के संघीय न्याय कार्यालय के अनुसार गिरफ्तार किए गए दोनों अधिकारियों पर दक्षिण अमेरिकी फुटबाल लीग और विश्व कप क्वालीफाइंग के लिए विपणन अधिकार देने के बदले रिश्वत लेने का आरोप है।
कार्यालय की ओर से गुरुवार को जारी वक्तव्य में कहा गया है, “संघीय न्याय कार्यालय के निर्देश पर ज्यूरिख के एक होटल से फीफा के दो अधिकारियों के गिरफ्तार किया गया है। अमेरिका द्वारा उन्हें गिरफ्तार किए जाने के अनुरोध पर ज्यूरिख की प्रांतीय पुलिस ने सुनवाई भी की। दोनों ही अधिकारियों ने अपने अमेरिका प्रत्यर्पण का विरोध किया है।”
dharmpath.com dharmpath