ज्यूरिख, 13 जून (आईएएनएस)। विश्व फुटबाल की नियामक संस्था-फीफा ने रविवार को रूस और इंग्लैंड के प्रशंसकों के बीच यूरो 2016 के मुकाबले के दौरान हुई भिड़ंत की कड़ी आलोचना की।
मार्सेली के स्टेडियम में शनिवार को इंग्लैंड और जर्मनी के बीच हुए मुकाबले के लिए दोनों टीमों के प्रशंसकों के बीच हुई भिड़ंत में कई लोग घायल हुए।
फीफा की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी बयान में फुटबाल की सबसे बड़ी संस्था ने कहा, “फीफा किसी भी प्रकार की हिंसा की कड़ी आलोचना करता है और इस तरह के शर्मनाक दृश्यों को अस्वीकार्य समझता है।”
फीफा ने कहा, “यूरो 2016 जैसे इवेंट में विश्व भर से लाखों दर्शक शामिल होते हैं, जिनका इरादा केवल इस खेल का आनंद लेना होता है और इसे ऐसा ही होना चाहिए।”
इंग्लैंड और रूस के बीच हुआ मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा।
इस मुकाबले के समाप्ति से एक मिनट पहले से ही रूस के प्रसंसकों ने इंग्लैंड के प्रशंसकों की ओर पटाखे और अन्य चीजें फेंकना शुरू कर दिया, जिसके कारण इसने हिंसक रूप ले लिया।
मार्सेली की गलियों में दोनों टीमों के प्रशंसकों के बीच यह हिंसक झड़प जारी रही, जिसमें 35 लोग घायल हो गए। इसमें सुरक्षा बलों ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।
dharmpath.com dharmpath