ज्यूरिख, 27 फरवरी (आईएएनएस)। फीफा का अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने के बाद गियानी इन्फैनटिनो ने अपने पहले बयान में कहा कि घोटालों की खबरों के कारण फुटबाल की विश्व नियामक संस्था की जो छवि धूमिल हुई है, वह उसे ठीक करेंगे और इसके सम्मान को वापस पाने की ओर कार्य करेंगे।
उल्लेखनीय है कि फीफा में भ्रष्टाचार का मामला उजागर होने पर सेप ब्लाटर को अध्यक्ष पद से निलंबित कर दिया गया था। इसम मामले में उन पर छह साल का प्रतिबंध भी लगा दिया गया।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, सेप ब्लाटर के निलंबन के बाद इन्फैनटिनो फीफा के नौवें अध्यक्ष होंगे।
अपनी जीत के बाद इन्फैनटिनो ने कहा, “मैं इस वक्त अपनी भावना जाहिर नहीं कर सकता। मैंने आपको बताया है कि मैंने अपने जीवन की एक असाधारण यात्रा के दौरान कई बेहतरीन लोगों से मुलाकात की है, जो फुटबाल के लिए जीते हैं और कई लोग फीफा को सम्माननीय स्थान पर देखना चाहते हैं।”
उन्होंने कहा, “जो हम करेंगे, विश्व में हर कोई उसकी प्रशंसा करेगा। हर कोई हमारे कार्य पर गौरवान्वित होगा।”
इन्फैनटिनो ने कहा, “फीफा को बुरे और संकट के समय से भी गुजरना पड़ा है, लेकिन अब वह समय चला गया। हमें अब सुधारों, पारदर्शिता और सुशासन को लागू करने की जरूरत है।”
उन्होंने आगे कहा, “हमें वो सम्मान भी वापस लाने की जरूरत है, जो पूरा विश्व फुटबाल को देता है। हमें अपने कठिन परिश्रम से वो सम्मान और प्रतिष्ठा वापस हासिल करनी होगी। आइए साथ मिलकर इसके लिए काम करें।”
इन्फैनटिनो ने इस बात को खारिज कर दिया है चुनाव में खड़े हुए उनके प्रतिद्वंदियों के समर्थक फीफा के लिए किए जाने वाले उनके प्रयासों में बाधा डालेंगे।
उन्होंने कहा, “मैं नहीं मानता कि फुटबाल विभाजित है। शुक्रवार को चुनाव हुआ, युद्ध नहीं। यह एक प्रतियोगिता थी। अब पन्ना पलटा है और अब हमें काम शुरू करना है।”
dharmpath.com dharmpath