‘फीफा पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त, इस्तीफा दें ब्लाटर’

ग्वाटेमाला सिटी, 28 मई (आईएएनएस)। फीफा अधिकारियों के खिलाफ अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी कार्रवाई पर ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल (टीआई) के अध्यक्ष जोस यूगाज ने फुटबाल की विश्व नियामक संस्था को ‘पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त’ कहा है।

समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, अमेरिकी अनुरोध पर स्विस अधिकारियों ने बुधवार को स्विट्जरलैंड से फीफा के सात अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया।

ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल (टीआई) एक गैर सरकारी संगठन है, जिसकी स्थापना 1993 में जर्मनी में हुई तथा यह अंतर्राष्ट्रीय कॉर्पोरेट एवं राजनीतिक भ्रष्टाचार से जुड़ी घटनाओं की निगरानी और उनका प्रचार करती है।

यूगाज ने बुधवार को एक बैठक के बाद कहा, “फीफा पूरी तरह भ्रष्ट संस्था है। यह सिर्फ दक्षिण अमेरिका या कैरेबियाई देशों की समस्या नहीं है।”

पेरू के वकील यूगाज ने कहा कि टीआई फीफा के अध्यक्ष सेप ब्लाटर से संगठन के अंदर भ्रष्टाचार के मामलों की जांच के लिए एक स्वतंत्र जांच आयोग गठित करने पर बातचीत कर रहा है।

उन्होंने कहा, “ब्लाटर को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए और जांच में सहयोग करना चाहिए।”

यूगाज के अनुसार बुधवार को की गई कार्रवाई खेल से जुड़े भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की दिशा में पहला कदम मात्र है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493