फीफा यू-17 विश्व कप टिकट मुफ्त बांटे जाएं : कोच ह्यूज (संशोधित बयान के साथ पुन: जारी)

नई दिल्ली, 3 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर लीग क्लब-मैनेचेस्टर सिटी की युवा टीम के कोच थॉमस ह्यूज का कहना है कि भारत में इसी साल होने वाले फीफा अंडर-17 विश्व कप के तहत दिल्ली में होने वाले भारत के मैचों के टिकट मुफ्त में बांटे जाने चाहिए।

फीफा ने भारत के सभी ग्रुप मैच नवी मुम्बई से दिल्ली स्थानांतरित कर दिए हैं। ये मैच जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में खेले जाएंगे। इस स्टेडियम की क्षमता 60 हजार है और ह्यूज का मानना है कि अगर इतने बड़े स्टेडियम में थोड़ी संख्या में लोग आते हैं तो फिर यह एक लिहाज से भारत की बदनामी वाली बात होगी।

ह्यूज ने यहां प्रीमियर लीग स्किल्स प्रोग्राम से इतर आईएएनएस से कहा, “नेहरू स्टेडियम की में अगर भारत के मैचों के लिए 100-200 लोग आते हैं तो आपको स्थानीय क्लबों को मुफ्त में टिकट दे देना चाहिए। हमारे पास स्थानीय क्लब के 60 कोच होते हैं। उन्हें मुफ्त में टिकट दीजिए।”

यह पूरा बयान ह्यूज का है लेकिन रविवार को जारी खबर में आईएएनएस ने इसे भूलवश मैनचेस्टर सिटी के सहायक कोच इलियट स्टक्लिफ का बयान बता दिया था।

ह्यूज ने कहा था कि इंग्लैंड एवं वेल्स में मुफ्त टिकट बांटे जाते हैं। उन्होंने कहा, “उदाहरण के तौर पर टेनिस में विश्व के बड़े टूर्नामेंट विबंलडन में भी शायद कुछ क्लबों को मुफ्त में टिकट दिए जाते हैं। अगर वह आप यहां भी ऐसा करते हैं तो आपको इसके फायदे देखने को मिलेंगे। बच्चे अपने माता-पिता के साथ स्टेडियम आएंगे।”

फीफा ने शनिवार को अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) की भारत के सभी ग्रुप मैच राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित करने की गुजारिश को मान लिया था।

विश्व कप आयोजन समिति के मुताबिक दिल्ली में टूर्नामेंट का पहला और दूसरा मैच खेला जाएगा। ये मैच छह अक्टूबर को ही होंगे। इसके अलावा दिल्ली में नौ अक्टूबर, 12 अक्टूबर को दो-दो मैच होंगे। इसके अलावा 16 अक्टूबर को दिल्ली को प्री-क्वार्टर फाइनल मैचों की मेजबानी भी करनी है।

ह्यूज से सहमति रखते हुए इंग्लिश प्रीमियर लीग जीत चुके क्लब के सहायक कोच स्टक्लिफ ने कहा कि ब्रिटेन में भी निशुल्क टिकट देना एक परंपरा है।

स्टक्लिफ ने कहा, “इंग्लैंड एवं वेल्स में हम टेनिस के मैचों के टिकट मुफ्त बांटते हैं। फुटबाल के टिकट यहां मुफ्त में दिए जा सकते हैं। इससे काम भी हो जाता है और खेल की प्रतिष्ठा भी बनी रहती है। साथ ही लोग भी इस खेल से जुड़ते हैं और फीफा लगातार इसके लिए प्रयासरत है।”

उन्होंने कहा, “अब आप यहां भी ऐसा करेंगे तो आपको इसके फायदे देखने को मिलेंगे क्योंकि बच्चे अपने-माता पिता के साथ स्टेडियम आएंगे।”

उल्लेखनीय है कि भारत में पहली बार आयोजित होने जा रहे फीफा अंडर-17 विश्व कप का उद्घाटन मुकाबला 6 अक्टूबर को दिल्ली में होगा। दिल्ली को कुल आठ मैचों की मेजबानी दी गई है।

विश्व कप के लिए ड्रॉ अभी घोषित नहीं किए गए हैं, लेकिन मैच कहां और कब होंगे, इसकी घोषणा शनिवार को कर दी गई है। फाइनल मुकाबला कोलकाता में खेला जाएगा। फाइनल 28 अक्टूबर को होना है। टूर्नामेंट के लिए ड्रॉ सात अक्टूबर को मुम्बई में निकाला जाएगा।

दिल्ली के अलावा विश्व कप के मैच नवी मुम्बई, कोलकाता, गुवाहाटी, गोवा और कोच्चि में खेले जाने हैं। कोलकाता को सबसे अधिक 10 मैचों की मेजबानी मिली है।

विश्व कप में भारत के अलावा ईरान, इराक, कोरिया, न्यू कैलेडोनिया, न्यूजीलैंड, ब्राजील, चिली, कोलम्बिया, पराग्वे, कोस्टा रिका, होंडुरास, मेक्सिको, अमेरिका, इंग्लैंड, फ्रांस, जर्मनी, स्पेन, तुर्की, माली, नाइजर, घाना और गिनी की टीमें हिस्सा लेंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493