फीफा यू-17 विश्व कप : फ्रांस, इंग्लैंड की जीत (राउंडअप)

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर, (आईएएनएस)। फीफा अंडर-17 विश्व कप के नौवें दिन शनिवार को फ्रांस, इंग्लैंड ने जीत हासिल करते हुए अंतिम-16 में जगह बना ली है। वहीं जापान और न्यू कैलेडोनिया तथा मैक्सिको और चिली का मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

विश्व कप के नौवें दिन ग्रुप-ई और ग्रुप-एफ के मैच खेले गए।

फ्रांस ने ग्रुप- ई के मैच में होंडुरास को 5-1 से हराते हुए विश्व कप के दूसरे दौर में जगह बना ली है। फ्रांस के लिए एलेक्सिस फ्लिप्स ने 23वें और 64वें मिनट में गोल किए जबकि विल्सन इसीडोर ने 14वें, एमीन गौरी ने 86वें और याचिन एड्ली ने 96वें मिनट में गोल किया। फ्रांस ने अपने ग्रुप में नौ अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया।

न्यू कैलेडोनिया के कप्तान जैकोब जेनो ने ग्रुप-ई के अन्य मैच में जापान के खिलाफ गोल कर मैच को 1-1 पर समाप्त किया, लेकिन इसके बाद भी जापान फीफा अंडर-17 विश्व कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रहा। इस नतीजे के बाद जापान ने 3 मैचों में 4 अंकों के साथ ग्रुप में दूसरा स्थान हासिल किया और नॉक आउट दौर में प्रवेश किया। जापान के लिए मैच में पहला गोल कीटो नाकामुरा ने 7वें मिनट में किया जिसके बाद जेनो ने 83वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को बराबरी पर ला खड़ा किया। इस ड्रॉ ने न्यू कैलेडोनिया को प्रतियोगिता में अपना पहला अंक दिलाया।

वहीं ग्रुप-एफ में मैक्सिको और चिली के बीच खेला गया मैच गोलरहित ड्रॉ रहा।

ग्रुप-एफ के दूसरे मैच में इंग्लैंड ने एकतरफा मुकाबले में इराक को 4-0 से मात दी। इंग्लैंड के लिए 11वें मिनट में गोमेस, 37वें मिनट में स्मिथ रोवे और लोडेर ने 59 तथा 71वें मिनट में गोल किए।

ग्रुप-एफ में इंग्लैंड नौ अंकों के साथ पहले स्थान के साथ प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंचा है। इराक ने चार अंकों के साथ ग्रुप दौर का अंत दूसरे स्थान पर रहते हुए किया। वह भी अंतिम-16 में जगह बनाने में सफल रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493