बोगोटा, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। फुटबाल की विश्व नियामक संस्था फीफा के नवनियुक्त अध्यक्ष जियानी इनफैंटिनो ने कहा है कि विश्व कप में 32 टीमों को बढ़ाकर 48 टीमों को शामिल करने पर विचार किया जा रहा है।
इनफैंटिनों के अनुसार, 2026 से 48 टीमों वाले फुटबाल विश्व कप के आयोजन की शुरुआत की जा सकती है।
कोलंबिया के सर्जियो आर्बोलेडा विश्वविद्यालय में दिए अपने भाषण में इनफैंटिनो ने कहा, “फीफा पूरी दुनिया में फुटबाल का विस्तार करना चाहता है और विश्व कप इसका सबसे बड़ा टूर्नामेंट है। यह सिर्फ एक प्रतिस्पर्धा नहीं है बल्कि एक सामाजिक कार्यक्रम की तरह है।”
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, इस वृहदाकार फुटबाल विश्व कप की मौजूदा प्रस्तावना के अनुसार 16 टीमों को सीधे-सीधे ग्रुप चरण में प्रवेश दिया जाए, जबकि 16 और टीमों का चुनाव 32 टीमों के बीच सिंगल इलिमिनेशन राउंड के मुकाबले के जरिए हो। यह सिंगल इलिमिनेशन राउंड के मुकाबले भी विश्व कप मेजबान देश में ही कराए जाएं।
इनफैंटिनो ने कहा, “इस तरह विश्व कप तो 32 देशों का ही रहेगा, लेकिन मेजबान देश का दौरा कुल 48 टीमें करेंगी।”
उल्लेखनीय है कि फीफा अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के दौरान भी इनफैंटिनो ने इसे अपना अहम मुद्दा बना रखा था, हालांकि तब इनफैंटिनो ने इसे बढ़ाकर 40 देशों का करने का ही सुझाव दिया था।
dharmpath.com dharmpath