फुकुशिमा के इर्दगिर्द रेडियो सक्रियता स्तर में 65 फीसदी की कमी

टोक्यो, 4 फरवरी (आईएएनएस)। फुकुशिमा परमाणु संयंत्र के 80 किलोमीटर के दायरे में रेडियो सक्रियता का स्तर मार्च 2011 के हादसे के बाद 65 फीसदी तक कम हो गया है। जापानी अधिकारियों ने गुरुवार को यह घोषणा की।

समाचार एजेंसी एफे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूक्लियर रेग्युलेशन अथॉरिटी (एनआरए) द्वारा एकत्रित आंकड़ों के मुताबिक, संयंत्र के निकटवर्ती इलाकों के रेडियो सक्रियता स्तर में महत्वपूर्ण कमी दर्ज की गई है। बीते पांच साल से संक्रमण को कम करने के प्रयासों का यह नतीजा है।

संयंत्र का उत्तर-पश्चिम इलाका (19 माइक्रोसिवर्ट्स प्रति घंटे) रेडियो सक्रियता से सर्वाधिक प्रभावित हुआ था, जहां दुर्घटना के पहले महीने से लेकर नवंबर की शुरुआत में हुई अंतिम माप तक रेडियो सक्रियता स्तर में महत्वपूर्ण कमी दर्ज की गई है।

एनआरए की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मियागी व फुकुशिमा के दक्षिणी इलाकों तथा पड़ोसी इबाराकी के उत्तरी इलाकों में विकिरण स्तर 0.1 तथा 1.9 माइक्रोसिवर्ट्स के बीच देखा गया, जो पहले से काफी कम है।

जापानी न्यूक्लियर रेग्युलेटर ने इन आंकड़ों को जमीन से एक मीटर (3.2 फीट) की ऊंचाई पर हेलीकॉप्टर से एकत्रित किया।

उल्लेखनीय है कि 11 मार्च, 2011 को भूकंप और सुनामी के बाद फुकुशिमा में परमाणु संयंत्र में हुए हादसे के बाद जापान की सरकार ने संयंत्र से 30 किलोमीटर के दायरे में स्थित आठ नगरपालिकाओं को पूरी तरह या आंशिक तौर पर खाली कराने का आदेश दिया था और तब से लेकर अब तक लगभग 70 हजार लोग अपने घर लौटने की राह देख रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493