प्राग (चेक गणराज्य), 27 मार्च (आईएएनएस)। ब्राजील की फुटबाल टीम ने मंगलवार रात यहां शानदार प्रदर्शन करते हुए एक दोस्ताना मुकाबले में चेक गणराज्य को 3-1 से पराजित किया।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, इंग्लिश क्लब मैनचेस्टर सिटी से खेलने वाले स्ट्राइकर गेब्रियल जेसुस ने मेहमान टीम के लिए इस मैच में दो दमदार गोल किए।
पहले हाफ में हालांकि, ब्राजील को झटका लगा। 37वें मिनट में डेविड पावेल्का ने गोल कर मेजबान टीम को अप्रत्याशित बढ़त दिला दी।
एक गोल से पिछड़ने के बाद ब्राजील ने मैच पर अपना नियंत्रण नहीं खोया और दूसरे हाफ में शानदार वापसी की।
स्ट्राइकर रोबटरे फिर्मिनो ने 49वें मिनट में बराबरी का गोल दागा।
इसके बाद, मेहमान टीम ने गोल करने के लगातार प्रयास किए और उसे अंतिम 10 मिनटों में सफलता मिली।
जेसुस ने 83वें और 90वें मिनट में गोल दागते हुए स्कोर 3-1 कर दिया।
ब्राजील ने पिछले दोस्ताना मुकाबले में पनामा के खिलाफ 1-1 से रोमांचक ड्रॉ खेला था।
dharmpath.com dharmpath