फुटबाल : भारतीय यू-17 टीम ने जर्मन क्लब को हराया

डुइजबर्ग (जर्मनी), 15 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय अंडर-17 पुरुष फुटबाल टीम ने जर्मनी के प्रतिष्ठित लीग टूर्नामेंट बुंदेसलीगा के यूथ लीग में खेलने वाले सेकेंड डिवीजन क्लब रॉट वीज ओबरहोसेन को 4-1 से मात दे दी।

अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) के अनुसार, भारतीय टीम ने रविवार को यहां स्पोर्ट्स स्कूल मैदान पर मैच की शानदार शुरुआत की और चौथे मिनट में गोल हासिल करने में सफल रही।

अभिजीत सरकार ने बाईं ओर से क्रॉस के जरिए पहला गोल किया और भारत को बढ़त दिला दी।

पहला गोल खाने के बाद जर्मन क्लब ने अच्छा पलटवार किया और अधिकांश समय गेंद अपने कब्जे में रखने में कामयाब रहे। उन्हें इसका फायदा भी मिला और मैच के 13वें मिनट में वे गोल हासिल कर स्कोर बराबर करने में सफल रहे।

भारत के अनिकेत जाधव ने हालांकि 37वें मिनट में कॉर्नर किक के जरिए भारत को फिर से बढ़त दिला दी।

भारत ने मध्यांतर तक 2-1 से बढ़त बनाए रखी।

मध्यांतर के बाद खेल के दूसरे हाफ में भारतीय टीम अपने प्रतिद्वंद्वी पर पूरी तरह हावी रही। भारत के लिए संजीव स्टालिन ने 73वें और जितेंद्र सिंह ने 85वें मिनट में गोल किए और भारत को अच्छे अंतर से जीत दिला दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493