दुशान्बे (ताजिकिस्तान), 24 मई (आईएएनएस)। भारत को एएफसी अंडर-14 रिजनल फेस्टिवल ऑफ फुटबाल टूर्नामेंट में मेजबान ताजिकिस्तान से 0-1 से हार का सामना करना पड़ा।
भारतीय लड़कों ने शनिवार को खेले गए इस मैच में अच्छी शुरुआत की और प्रतिद्वंद्वी टीम पर शुरुआती दबाव बनाने में कामयाब रहे।
विष्णु और निनतोई की जुगलबंदी ने पहले हाफ में भारत के लिए एक शानदार मौका बनाया। निनतोई का शॉट हालांकि गोलपोस्ट के बगल से होकर बाहर चला गया।
ताजिकिस्तान ने 30वें मिनट में भारत के खिलाफ पहला गोल दागा।
पहले हाफ में पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने दूसरे हाफ में आक्रमण में तेजी लाई और बराबरी हासिल करने की कई कोशिशें की।
मध्यांतर के बाद शुरू हुए खेल के कुछ मिनटों बाद ही भारत के पास एक और मौका आया। जीतू के एक लंबे पास की बदौलत संजीव गेंद लेकर ताजिकिस्तान के यार्ड बॉक्स में दाखिल होने में कामयाब रहे लेकिन उनका शॉट गोलपोस्ट के ऊपर से निकल गया और भारत बराबरी करने से चूक गया।
आखिरी मिनटों में भारतीय खिलाड़ियों ने और जोर लगाया लेकिन ताजिकिस्तान की रक्षापंक्ति उन सभी आक्रमणों को नाकाम करने में कामयाब रही।
भारतीय टीम अब सोमवार को ईरान के खिलाफ खेलेगी।
dharmpath.com dharmpath