दोहा, 24 मार्च (आईएएनएस)। ईरान ने अगले साल रूस में होने वाले फुटबाल विश्व कप क्वालीफायर में ग्रुप-ए में गुरुवार देर रात खेले गए मैच में कतर को 1-0 से मात दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, जासिम बिन हमाद स्टेडियम में खेला गया यह मैच बेहद रोमांचक और दोनों टीमों के लिए उतार-चढ़ाव से भरा रहा।
पहले हाफ में ईरान और कतर के बीच गोल दागकर बढ़त हासिल करने की जद्दोजहद साफ नजर आ रही थी। हालांकि, दोनों टीमों में से कोई भी गोल नहीं दाग सकीं।
दूसरे हाफ में दबदबा बनाते हुए ईरान ने गोल कर बढ़त बनाई। करीम अंसारीफर्द से मिले पास को मेहदी तारेमी ने 52वें मिनट में कतर के गोल पोस्ट में डालकर ईरान को बढ़त दिला दी जो निर्णायक साबित हुई।
ईरान ने कतर को गोल दागने का मौका नहीं दिया और अंत में इस मैच में 1-0 से जीत हासिल की।
विश्व कप क्वालीफायर-2018 में ईरान का सामना 28 मार्च को तेहरान के अजादी स्टेडियम में चीन से होगा।
विश्व कप क्वालीफायर-2018 के ग्रुप-ए में ईरान के साथ दक्षिण कोरिया, उज्बेकिस्तान, चीन, कतर और सीरिया हैं।
इस क्वालीफायर में प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष की पहली दो टीमें 2018 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी। इसके बाद हर ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें प्ले-ऑफ चरण में खेलेंगी।
dharmpath.com dharmpath