लीवरपूल, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। लीवरपूल के मिडफील्डर एलेक्स ओक्सलेड-चेम्बरलेन चोटिल होने के कारण इस साल रूस में होने वाले फुटबाल विश्व कप के लिए इंग्लैंड की टीम के साथ शायद मैदान पर नहीं उतर पाएंगे।
समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, चैम्पियंस लीग सेमीफाइनल के पहले चरण में रोमा के खिलाफ खेले गए मैच में चेम्बरलेन चोटिल हो गए।
एनफील्ड स्टेडियम में मंगलवार रात खेले गए इस मैच में चेम्बरलेन को स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया। इस मैच में लीवरपूल ने रोमा को 5-2 से मात दी।
चेम्बरलेन के घुटने में चोट लगी है। मैच के 15वें मिनट में उनकी टक्कर एलेक्जेंडर कोलारोव से हो गई, जिसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर ड्रेसिंग रूम ले जाया गया।
लीवरपूल के कोच जुर्गेन क्लोप ने मैच के बाद बयान में कहा, “यह गंभीर चोट हो सकती है। अगर हम चोट की स्कैन से पहले ही यह कह सकते हैं, तो यह अच्छी खबर नहीं होगी। यह हमारे लिए बड़ा झटका है।”
क्लोप ने कहा, “हमें अब भी कुछ महत्वपूर्ण मैच और खेलने हैं और इस समय टीम को बढ़ाया नहीं जा सकता। ऐसे में हमें अगले मैचों में रचनात्मकता की जरूरत है।”
इंग्लैंड के कोच गारेथ साउथगेट ने चेम्बरलेन को फीफा विश्व कप के लिए मुख्य टीम में शामिल किया था।
dharmpath.com dharmpath