शिलांग, 23 मार्च (आईएएनएस)। अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ ने मेघालय फुटबाल संघ के साथ मिलकर हीरो इंडियन महिला फुटबाल लीग के आयोजन में बदलाव की घोषणा की है।
गुरुवार को की गई इस घोषणा के तहत अब यह लीग 26 मार्च से शुरू होगी।
इस लीग का आयोजन पहले 25 मार्च से होना था, लेकिन अब यह 26 मार्च से हो रही है। इसमें मौजूदा विजेता ईस्टर्न स्पोर्टिग यूनियन का सामना इंदिरा गांधी अकादमी फॉर स्पोर्ट्स एंड एजुकेशन से होगा।
हीरो इंडियन महिला फुटबाल लीग का फाइनल 15 अप्रैल को होना था, जो अब 14 अप्रैल को होगा।
लीग के कार्यक्रम में बदलाव गुड फ्राइडे को ध्यान में रख कर किया गया है। मेघालय में लोग, विशेषकर ईसाई धर्म के लोग इस पर्व में शामिल हो रहे होंगे, इसीलिए कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
एआईएफएफ ने अपने एक बयान में कहा, “महासंघ लोगों की भावनाओं की कद्र करता है और इसीलिए पर्व के दिनों में या रविवार को मैचों का आयोजन नहीं रखा गया है। यह इसीलिए भी किया गया है ताकि अधिक से अधिक स्थानीय लोग स्टेडियम में आकर टीमों का समर्थन करें।”
dharmpath.com dharmpath