पटियाला, 8 मार्च (आईएएनएस)। तमिलनाडु के 21 वर्षीय एथलीट धरुन अयासामी ने रन एडम फेडरेशन कप एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के अंतिम दिन गुरुवार को पुरुषों की 400 मीटर बाधा दौड़ स्पर्धा में 11 वर्ष पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ते हुए अप्रैल में आस्ट्रेलिया में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई किया।
रियो ओलम्पिक में भारत 4 गुणा 400 मीटर रिले टीम का हिस्सा रहे अयासामी ने 2007 में ओसाका में बनाए गए जोसफ अब्राहम के राष्ट्रीय रिकॉर्ड 49.51 सेकेंड को तोड़ते हुए 49.45 सेकेंड का समय निकाला।
राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई करने हेतु 400 मीटर बाधा दौड़ में भारतीय एथलेटिक्स संघ (एएफआई) द्वारा 49.45 सेकेंड की सीमा रखी गई थी।
अरपिंदर सिंह ने पुरुषों की तिहरी कूद स्पर्धा में 16.61 मीटर की कूद के साथ राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई किया। इस स्पर्धा में राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई करने हेतु एएफआई की सीमा 16.60 मीटर थी।
असम की हीमा दास ने महिलाओं की 200 मीटर रेस में 23.37 सेकेंड का समय निकला लेकिन वह 1998 में पीटी उषा द्वारा बनाए गए 23.30 सेकेंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाई।
दास इस स्पर्धा में राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई करने से भी चूक गई लेकिन वह महिलाओं की 400 मीटर रेस स्पर्धा में राष्ट्रमंडल खेलों के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुकी हैं।
dharmpath.com dharmpath