रियो डी जनेरियो, 15 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका के दिग्गज तैराक माइकल फेल्प्स ने कहा है कि रियो ओलम्पिक में उनकी सफलता उनके संन्यास को सुनिश्चित करती है।
फेल्प्स का कहना है कि वह बिना किसी खेद के संन्यास ले रहे हैं और उन्होंने ओलम्पिक खेलों में वापसी के अवसरों को भी खारिज कर दिया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, 31 वर्षीय तैराक ने रियो ओलम्पिक में पांच स्वर्ण पदक जीते हैं और अब तक के करियर में 23 ओलम्पिक स्वर्ण पदक हासिल किए हैं।
फेल्प्स ने अपने ओलम्पिक करियर में अब तक कुल 28 पदक जीते हैं, जिसमें से 23 स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं।
एक संवाददाता सम्मेलन में रविवार को फेल्प्स ने कहा, “मैं अपने करियर को इस प्रकार से समाप्त करना चाहता था। अपने करियर के केक पर मैं इसी सफलता की चैरी को लगाना चाहता था।”
फेल्प्स ने 2012 लंदन ओलम्पिक के बाद संन्यास की घोषणा कर दी थी, लेकिन वह दो साल पहले खेल में वापस आ गए।
अमेरिका के दिग्गज तैराक ने कहा कि 2020 टोक्यो ओलम्पिक में उनके हिस्सा लेने की कोई संभावना नहीं हैं। उन्होंने कहा, “जब मैंने वापसी का फैसला किया था, तो तुरंत वापसी की थी। मैं अपने आप को चुनौती देना चाहता था। अब कुछ बाकी नहीं बचा। आप आखिरी बार मुझे पानी में रेस करते देखेंगे।”
dharmpath.com dharmpath