रियो डि जेनेरो, 2 मार्च (आईएएनएस)। अदालत के आदेश के बावजूद, जांच में सहयोग न करने पर ब्राजील पुलिस ने फेसबुक के उपाध्यक्ष (लातिन अमेरिका) डिएगो डोडान को गिरफ्तार कर लिया।
संघीय पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, डिएगो डोडान को साओ पाउलो में मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।
यह गिरफ्तारी सर्जिपे राज्य के एक न्यायाधीश द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट पर की गई। आरोप है कि ड्रग तस्करी जांच मामले में वाट्सएप के एक संदेश को फेसबुक ने जारी नहीं किया था। संदेश नहीं जारी करने के इस मामले में ही डोडोन कानूनी कार्रवाई में फंसे हैं।
वाट्सएप का स्वामित्व फेसबुक के पास है लेकिन फेसबुक का कहना है कि वाट्सएप का संचालन स्वतंत्र रूप से होता है। ब्राजील में उसके पास कोई स्टाफ नहीं है। इसलिए संदेशों को बचाकर नहीं रखा जा पाता। ऐसे में न्यायालय के आदेश का पालन करना मुमकिन नहीं है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने प्रेस विज्ञप्ति के हवाले से कहा, “यह गिरफ्तारी संगठित अपराध और मादक पदार्थो की तस्करी के विषय में न्यायिक आदेश की अनदेखी करने पर सर्जिपे की संघीय पुलिस ने की।”
गौरतलब है दिसंबर में जांच के लिए उपयोगकर्ता की जानकारी प्रदान करने से मना करने के बाद ब्राजील के एक अन्य न्यायाधीश ने 48 घंटे के लिए वाट्सएप सेवा बंद कर दी थी।
उस वक्त फेसबुक संस्थापक मार्क जुकेरबर्ग ने अदालत के इस फैसले की निंदा की थी। उन्होंने कहा था कि वह स्तब्ध हैं। उन्होंने इसे ब्राजील के लिए दुखद दिन करार दिया था।
dharmpath.com dharmpath