फेसबुक, ट्विटर व गूगल आतंकवाद से निपटने में नाकाम : ब्रिटिश समिति

लंदन, 25 अगस्त (आईएएनएस)। ब्रिटेन के गृह मंत्रालय की प्रवर समिति ने आतंकवादियों की भर्ती तथा फंडिंग को लेकर सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनियों की कड़ी आलोचना की है।

समाचार पत्र ‘द टेलीग्राफ’ की गुरुवार की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटिश संसद में लंबे समय तक सांसद रहे भारतीय मूल के कीथ वाज के नेतृत्व वाली समिति ने फेसबुक, ट्विटर, गूगल तथा यू-ट्यूब की आलोचना करते हुए कहा कि आतंकवादियों द्वारा अपने भयावह एजेंडे के प्रसार के लिए इनका इस्तेमाल किया जा रहा है और ये कंपनियां जानबूझकर इस पर रोक नहीं लगा पा रही हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक वाज ने कहा, “गूगल, फेसबुक तथा ट्विटर जैसी कंपनियां अरबों डॉलर की कमाई कर रही हैं और इस खतरे से जानबूझकर नहीं निपट पा रही हैं और यह जानने के बावजूद कि इनका इस्तेमाल आतंकवादी कर रहे हैं।”

कमेटी की रिपोर्ट के मुताबिक, “यह चिंताजनक है कि अरबों खातों पर निगरानी रखने के लिए कंपनी के पास केवल कुछ सौ कर्मचारी हैं। और तो और ट्विटर कानून प्रवर्तन एजेंसियों को आतंकवादी सामग्री के बारे में सही तरीके से रिपोर्ट भी नहीं करता है।”

उन्होंने आतंकवादी विचारधारा का प्रचार-प्रसार करने वाले कथित धर्मगुरु अंजेम चौधरी के नाम पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस ने जब ट्विटर व यू-ट्यूब से उनके हिंसक अतिवादी भाषणों को हटाने के लिए कहा, तो उन्होंने इससे साफ तौर पर इंकार कर दिया।

अंजेम चौधरी (49) को आतंकवादी गतिविधियों के लिए पिछले सप्ताह दोषी ठहराया गया और उन्हें 10 वर्ष तक की सजा हो सकती है। आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) से उनके संबंधों को लेकर फ्रांस तथा बेल्जियम की सुरक्षा सेवाएं पूछताछ करने वाली हैं।

ट्विटर ने इस साल की शुरुआत में 125,000 खातों को बंद करने की घोषणा की थी, जो प्राथमिक तौर पर आईएस समूह से संबंधित हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493