वाशिंगटन, 23 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिकी कारोबार पत्रिका ‘फोर्ब्स’ ने एशिया प्रशांत क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ कारोबार करने वाली शीर्ष 50 कंपनियों की सूची जारी की है, जिसमें दस कंपनियों के साथ लगातार पांचवें साल दूसरे पायदान पर रहा है। इस सूची में एक बार फिर चीन 25 कंपनियों के साथ प्रथम स्थान पर है।
फोर्ब्स के मुताबिक, इस सूची में भारत के एचडीएफसी बैंक ने 2006 तक कोई जगह नहीं बनाई थी, लेकिन किसी अन्य कंपनी की तुलना में यह कंपनी अब तक नौ बार इस सूची में जगह बनाने में सफल रही है।
भारत के निजी क्षेत्र में आईसीआईसीआई बैंक के बाद एचडीएफसी बैंक दूसरा सबसे बड़ा बैंक है।
एचडीएफसी बैंक की बाजार पूंजी 43 अरब डॉलर है। बैंक के देशभर में 3.2 करोड़ ग्राहक हैं। बैंक की देश के लगभग 2,500 कस्बों और गांवों में 4,000 से अधिक शाखाएं हैं।
बैंक के प्रबंध निदेशक आदित्य पुरी को फोर्ब्स एशिया के अगस्त अंक के मुख्य आलेख में पेश किया गया है।
इस सूची में चीन की 25 कंपनियां कब्जा करने में सफल रही हैं। पिछले साल इनकी संख्या 16 थी, जो पांचवें साल लगातार किसी अन्य देश की तुलना में दोगुनी है।
इस सूची में सबसे बड़ी कंपनी चीन की टेनकेंट है, जिसका बाजार मूल्य 176.5 अरब डॉलर है।
इस सूची में भारत की कंपनियां 10 कंपनियों के साथ लगातार पांचवें साल दूसरे पायदान पर रही हैं। चार कंपनियों के साथ दक्षिण कोरिया तीसरे स्थान पर है। इस सूची में फिलिपींस, थाईलैंड, मलेशिया और सिंगापुर प्रत्येक देश की दो कंपनियां और ताइवान, जापान और इंडोनेशिया की एक-एक कंपनियां हैं।
इस सूची में शामिल भारतीय कंपनियां- अरबिंदो फार्मा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एचडीएफसी बैंक, ल्युपिन, मदरसन सूमी सिस्टम्स, सन फार्मास्युटिकल्स, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाटा मोटर्स, टेक महिंद्रा और टाइटन हैं।
dharmpath.com dharmpath