पेरिस, 24 मई (आईएएनएस)। फ्रांस की पुलिस ने स्वीकार किया है कि पेरिस सेंट जर्मेन और ओलम्पिक्वे मार्सेली टीमों के बीच हुए फ्रेंच कप फाइनल के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में खामी थी।
फ्रेंच पुलिस का यह बयान ऐसे वक्त में आया है, जब फ्रांस को जून में यूरो कप की मेजबानी करनी है और इसे लेकर जर्मन पुलिस कह चुकी है कि फ्रांस में यूरो कप के दौरान आतंकवादी हमले का खतरा है।
फ्रांसीसी पुलिस इन दिनों यूरो कप के लिए सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने में लगी है।
सीन सेंट डेनिस के पुलिस प्रमुख फिलिप गाली ने रेडियो स्टेशन यूरोप-1 को कहा कि चेकिंग नाकों पर प्रशंसकों की भारी भीड़ लग गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा मानक उपयुक्त नहीं थे और उन्हें दुरुस्त किया जाएगा।
यूरो 2016 का आयोजन फ्रांस में 10 जून से 10 जुलाई के बीच होना है और इसके देखने के लिए 25 लाख के करीब लोग स्टेडियमों तक पहुंचेंगे। इनमें से सात लाख के करीब विदेशी दर्शक होंगे।
बीते साल नवम्बर में पेरिस पर आतंकवादी हमला हुआ था, जिसमें 130 लोगों की मौत हो गई थी। इसे देखते हुए फ्रांस में आपातकाल लागू है और इसके यूरो 2016 तक लागू रहने की उम्मीद है।
dharmpath.com dharmpath