पेरिस, 17 नवंबर (आईएएनएस)। फ्रांसीसी लड़ाकू विमानों ने मंगलवार को सीरिया के रक्का क्षेत्र में इस्लामिक स्टेट (आईएस) के ठिकानों पर नए सिरे से हवाई हमले शुरू कर दिए हैं।
फ्रांसीसी रक्षा मंत्रालय के हवाले से जारी सीएनएन की रपट के मुताबिक, सात हवाई हमले किए गए और कम से कम तीन बड़े धमाके थे।
फ्रांसीसी सेना ने रक्का में रविवार और सोमवार को पहले ही सिलसिलेवार हवाई हमले किए थे।
हमलों में एक कमांड केंद्र और प्रशिक्षण केंद्र ध्वस्त कर दिया गया।
फ्रांस ने ये हवाई हमले पेरिस में 13 नवम्बर को छह स्थानों पर हुए बंदूक और बम के घातक हमलों की जवाबी कार्रवाई के रूप में किए हैं। हमले में 129 लोग मारे गए थे और 350 अन्य घायल हो गए थे। हमले में सात हमलावर भी मारे गए, जिनमें से अधिकांश ने विस्फोटक आत्मघाती बेल्ट से विस्फोट किया था।
फ्रांस अमेरिका की अगुवाई वाले आतंकवाद रोधी गठबंधन के तहत सितम्बर से सीरिया में आईएस के ठिकानों पर हवाई हमले कर रहा है।
इस बीच राष्ट्रपति होलांद ने सोमवार को फ्रांसीसी संसद के एक संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि वे देश के अर्धसैनिक बल में 5,000 नई भर्तियां करने का प्रयास करेंगे।
पेरिस में सोमवार रात एफिल टॉवर को फ्रांसीसी झंडे के रंग में रोशन किया गया।
दुनिया भर के अन्य प्रमुख स्थलों ने भी एकजुटता दर्शाने के लिए ऐसा ही किया।
अमेरिकी विदेश सचिव जॉन केरी ने पेरिस में अमेरिकी दूतावास में एक प्रकाश समारोह में कहा, “आज की रात हम सभी पेरिस वासी हैं।”
पूरे फ्रांस में आपातकाल जैसी स्थिति है।
dharmpath.com dharmpath