फ्रांस में आतंकवादी हमलों का खतरा टला नहीं : ओलांद

पेरिस, 1 जनवरी (आईएएनएस)। फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने नववर्ष की पूर्व संध्या पर गुरुवार रात कहा कि देश में आतंकवाद का खतरा अभी नहीं टला है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पेरिस में हुए भीषण आतंकवादी हमलों के छह सप्ताह बाद राष्ट्रपति ने रेडियो व टेलीविजन पर राष्ट्र से कहा कि देश में दूसरे हमले का खतरा बरकरार है।

ओलांद ने कहा, “खतरा अभी बरकरार है। तथ्य तो यह है कि आतंकवादी खतरे का स्तर उच्च है और हम हमले की योजनाओं को नाकाम कर रहे हैं।”

उल्लेखनीय है कि 13 नवंबर को हुए हमलों से पहले आतंकवादियों ने इस साल की शुरुआत में फ्रांस की व्यंग्य पत्रिका ‘शार्ली हेब्दो’ तथा एक यहूदी सुपरमार्केट पर हमला किया था।

ओलांद ने कहा, “इस साल हम भय के साये में रहे।” उन्होंने जनवरी व नवंबर में आतंकवादी हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने कहा, “ये त्रासदियां हमारी स्मृतियों में बैठ गई हैं। वे कभी नष्ट नहीं होंगी।”

राष्ट्रपति ने कहा, “लेकिन त्रासदी के बावजूद, फ्रांस ने घुटने नहीं टेके। आंखों में आंसुओं के बावजूद हम दोबारा उठ खड़े हुए। नफरतों का सामना करते हुए देश ने अपने मूल्यों की ताकत को दर्शाया।”

उन्होंने कहा, “साल 2015 दुख तथा प्रतिरोध का साल रहा। चलिए साल 2016 को साहस और आशा का वर्ष बनाएं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493